भागलपुरः उग्र ग्रामीणों ने पुलिस पर जमकर किया पथराव, CO सहित कई पुलिसकर्मी घायल
Sunday, Sep 06, 2020-12:12 PM (IST)

भागलपुरः बिहार मे भागलपुर जिले में जमीनी विवाद में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी से उग्र ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें नाथनगर सीओ सहित 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुरारपुर चौक के निकट जमीन विवाद के एक मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के विरुद्ध ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर टायर जलाकर आवागमन को अवरुद्ध कर दिया। आवागमन बाधित करने वाले ग्रामीणों को समझाने पहुंची पुलिस और दंडाधिकारी को देखते ही उग्र ग्रामीणों ने उनपर पथराव करना शुरू कर दिया। इस घटना में नाथनगर के अंचलाधिकारी एवं दंडाधिकारी राजेश कुमार, थानाध्यक्ष सज्जाद हुसैन सहित 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को नाथनगर के रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस ने 6 लोगों को किया गिरफ्तार
वहीं सूत्रों ने बताया कि बाद में पुलिस के वरीय अधिकारियों ने अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचकर हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस सिलसिले में 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके पर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई।