स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- बिहार में लक्ष्य से ज्यादा बच्चों और गर्भवती महिलाओं का हुआ टीकाकरण

Sunday, May 29, 2022-11:53 AM (IST)

पटनाः बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि प्रदेश में लक्ष्य से ज्यादा बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण हुआ है। मंगल पांडेय ने शनिवार को कहा कि राज्य में इस वर्ष चलाए गए सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम के तीनों चक्रों में लक्ष्य से ज्यादा बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को टीकाकृत करने में आशातीत सफलता मिली है। लक्ष्य से ज्यादा लाभुकों का टीकाकरण यह दर्शाता है कि विभाग के साथ समुदाय भी पूर्ण टीकाकरण को लेकर संवेदनशील है। शत-प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण के माध्यम से शिशुओं एवं गर्भवती महिलाओं में रुग्णता एवं कई रोगों की रोकथाम को लेकर विभाग का निरंतर प्रयास जारी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पूर्ण टीकाकरण को एक अभियान की तरह चलाया जा रहा है। इस अभियान को गति देने के लिए ‘‘सघन मिशन इंद्रधनुष'' कार्यक्रम के तहत राज्य में आठ लाख 73 हजार 830 बच्चों का पूर्ण टीकाकरण किया गया। वहीं, आठ लाख 39 हजार 562 बच्चों को टीकाकृत करने का लक्ष्य रखा गया था। इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में एक लाख 67 हजार 911 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया जबकि एक लाख 47 हजार 904 गर्भवती महिलाओं को ही टीकाकृत करने का लक्ष्य निर्धारित था। इस तरह लक्ष्य से ज्यादा बच्चों और महिलाओं को सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान के तहत आच्छादित किया गया।

मंगल पांडेय ने कहा कि विभाग की ओर से इस अभियान को तीन चक्रों में चलाया गया। सात से 13 मार्च तक पहला चक्र चलाया गया। दूसरा चक्र चार से 10 अप्रैल तक और तीसरा चक्र दो मई से 13 मई तक चलाया गया। सभी चक्रों में लक्ष्य से ज्यादा बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण से आच्छादित किया गया। तीनों चक्रों के दौरान कुल 71 हजार 823 टीकाकरण सत्रों पर बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को टीकाकृत करने की योजना थी, जिसमें इस दौरान कुल 72 हजार 72 टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static