बसपा के पूर्व प्रत्याशी के घर DRI की रेड, बड़े भाई को साथ ले गई टीम; मचा हड़कंप
Friday, Jun 05, 2026-10:41 AM (IST)
Bihar News: शिवहर जिले के बड़े व्यवसायी एवं बसपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मुकेश कुमार भोला झा के पैतृक निवास स्थान पर गुरुवार की दोपहर राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) की टीम ने छापेमारी की। झा के पुरनहिया प्रखंड के कटैया चौक स्थित उनके आवास पर डीआरआई मुजफ्फरपुर एवं मुंबई की संयुक्त टीम ने कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार भोला झा वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी, बसपा के प्रत्याशी रहे हैं। शिवहर जिले के रहने वाले भोला झा का मुंबई में एक्सपोर्ट- इम्पोर्ट का बड़ा कारोबार है, जहां से कंटेनर के माध्यम से विभिन्न प्रकार के माल की आपूर्ति की जाती है। इस मामले में कस्टम अधिकारी माधव कुमार ने बताया कि यह तस्करी का मामला है। मुंबई में इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट का बड़ा कारोबार होने के आधार पर यह संयुक्त छापेमारी की गई। उन्होंने पुष्टि की कि व्यवसायी के बड़े भाई अरविन्द कुमार झा को पूछताछ के लिए उनकी सहमति से अपने साथ ले जाया गया है।
छापेमारी में नहीं मिला कोई आपत्तिजनक सामान
पुरनहिया थाना अध्यक्ष प्रेमजीत सिंह ने बताया कि मुकेश कुमार भोला झा के यहां कस्टम की छापेमारी हुई है। उन्होंने कहा कि तस्करी के संदेह के आधार पर मुजफ्फरपुर एवं मुंबई की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। छापेमारी में पैतृक निवास स्थान पर कोई आपत्तिजनक सामग्री प्राप्त नहीं हुई और उनके बड़े भाई अरविन्द कुमार झा को पूछताछ हेतु साथ ले जाया गया है। फिलहाल मुकेश कुमार भोला झा बिहार से बाहर हैं और इस छापेमारी के दौरान उपस्थित नही थे। मामले में आगे की जांच अभी जारी है।

