दरभंगा में डबल मर्डर: पार्टी के दौरान बढ़ा विवाद तो पूरे ग्रुप ने मिलकर 2 दोस्तों को मार डाला; इलाके में सनसनी

Monday, Jan 05, 2026-12:14 PM (IST)

Darbhanga double murder: दरभंगा जिले में दो यवकों की हत्या मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों की हत्या दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान हुए विवाद में की गई। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी छोटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। 

पार्टी के दौरान बढ़ा विवाद, फिर हत्या 

दरअसल, सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कबीरचक गांव से 1 जनवरी की रात लापता हुए दो युवक मन्ना महतो और बादल मंडल की हत्या कर दी गई। जांच में पता चला है कि 1 जनवरी की रात सभी दोस्त पार्टी कर रहे थे। मंडल और ऋतिक के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसे सुलझाने के लिए ये पार्टी रखी गई थी, लेकिन वहां विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान बादल मंडल की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मन्ना महतो का किसी विवाद से सीधा संबंध नहीं था, लेकिन बादल के साथ मौजूद होने के कारण उसकी भी हत्या कर दी गई। 

अलग-अलग जगहों से बरामद हुए शव 

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद मन्ना महतो का शव गेहूं के खेत में फेंक दिया गया था, जिसे 3 जनवरी को बरामद किया गया। वहीं बादल मंडल के शव को करीब एक किलोमीटर दूर मिल्कीचक गांव के एक बगीचे में गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दिया गया था। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव को बरामद किया। 

एसडीपीओ का बयान

पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस दोहरे हत्याकांड में आठ दोस्तों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि मामले में आपसी विवाद की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि अनिल कुमार के पुत्र छोटू कुमार को गिरफ्तार किया गया है और उसी की निशानदेही पर बादल मंडल का शव बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि आगे की गिरफ्तारियों के बाद पूरे मामले का खुलासा होगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static