6 माह पहले घर से भागे थे प्रेमी-प्रेमिका, अब खेत में इस हालात में शव मिलने से मचा हड़कंप

Thursday, Mar 05, 2026-10:59 AM (IST)

Bihar Crime News : बिहार के जहानाबाद जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने खेत में एक नीम के पेड़ के नीचे प्रेमी युगल के शव पड़े देखे। वहीं इस घटना से पूरे गांव में तनाव का माहौल कायम हो गया।

7 दिन पहले वापस घर लौटी थी लड़की

मिली जानकारी के अनुसार, मामला हुलासगंज थाना क्षेत्र के प्राण बिघा गांव का है। मृतकों की पहचान राजीव कुमार और रेखा कुमारी के रूप में की गयी है। जानकारी के मुताबिक, राजीव और मृतका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। करीब 6 महीने पहले दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाकर गांव छोड़ दिया था। इस मामले में लड़की के परिजनों ने राजीव के खिलाफ अपहरण का मामला भी दर्ज कराया था। हैरानी की बात यह है कि महज एक सप्ताह पहले ही लड़की अपने घर वापस लौटी थी, जबकि राजीव तब भी फरार था। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटने के 7वें दिन ही दोनों इस तरह मौत को गले लगा लेंगे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की रात 10 बजे तक लड़की घर में ही थी, लेकिन उसके बाद वह रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई। आशंका है कि राजीव रात के अंधेरे में चुपके से गांव पहुंचा और अपनी प्रेमिका को खेत में मिलने के लिए बुलाया, जहाँ दोनों ने अंतिम बार मिलकर दुनिया छोड़ने का फैसला किया।

इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ FSL टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बुरी तरह से टूटा हुआ बरामद किया है। साथ ही शवों के पास से जहरीले पदार्थ के खाली डिब्बे पड़े हुए मिले हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हुलासगंज पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस हर बिंदु से घटना की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static