सोनिया से ED की पूछताछ के विरोध में पटना में कांग्रेस का प्रदर्शन, पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर की नारेबाजी

Thursday, Jul 21, 2022-05:31 PM (IST)

पटनाः कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड मामले में होने वाली पूछताछ के विरोध में पार्टी की ओर से आज किए जा रहे देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के बीच राजधानी पटना में भी रोषपूर्ण प्रदर्शन किया गया। बिहार युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ललन कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को कार्यकर्ताओं ने रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन और नारेबाजी के कारण कुछ देर के लिए अति व्यस्त अशोक राजपथ पर यातायात बाधित हो गया।

वहीं, दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजधानी में जमकर शांतिपूर्वक रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हैं तीन जमाई- ईडी, आईटी और सीबीआई। इसी तरह के नारों के साथ पटना की सडकों पर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की आज होने वाली पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस की ओर से देशव्यापी प्रदर्शन किया जा रहा है।

राजधानी पटना के भीड़भाड़ वाले इलाके में शांतिपूर्ण ढंग से सड़कों पर विरोध जुलूस निकाला गया। विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। ‘सोनिया भारत की आन, बान और शान है तथा 130 करोड़ लोगों का स्वाभिमान है‘,‘स्वतंत्रता और सच्चाई कांग्रेस ने है दिलाई‘, अन्याय के खिलाफ खड़े रहेंगे, लड़े थे और लड़ेंगे' जैसे नारे बुलंद करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी से हो रही पूछताछ का विरोध किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static