BJP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज को लेकर CM नीतीश एवं तेजस्वी के खिलाफ पटना की अदालत में शिकायत दर्ज

Sunday, Jul 16, 2023-10:33 AM (IST)

पटना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधानसभा मार्च पर लाठीचार्ज के सिलसिले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और चार अन्य लोगों के खिलाफ शनिवार को पटना की एक अदालत में शिकायत दर्ज की गई। 

भाजपा कार्यकर्ता कृष्णा सिंह कल्लू की ओर से दायर की गई इस शिकायत में पटना के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी आरोपियों की सूची में शामिल किया गया है। कृष्णा सिंह कल्लू हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। यह याचिका वकील सुनील कुमार सिंह के माध्यम से पटना दीवानी अदालत में दायर की गई है। सुनील कुमार सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने 302 (हत्या) और 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चलाने का अनुरोध किया है। 

भाजपा का मार्च शांतिपूर्ण था, इसके बावजूद मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत आला अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।'' भाजपा का आरोप है कि गुरुवार को पार्टी के 'विधानसभा मार्च' के दौरान पुलिस के "बर्बर" लाठीचार्ज में लगी चोटों के कारण उसके जहानाबाद जिला महासचिव विजय सिंह की मृत्यु हो गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static