Cold wave in Bihar: अगले सात दिन के लिए मौसम विभाग ने कर दी ये भविष्यवाणी; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

Thursday, Jan 15, 2026-01:52 PM (IST)

cold wave in Bihar: मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राजधानी पटना में 15 से 19 जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान सुबह के समय कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। ठंडी सुबह और धूप भरे दिन के कारण तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 

पटना का तापमान पूर्वानुमान 

मौसम विभाग के मुताबिक, पटना में अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा। पिछले 24 घंटों के दौरान पटना शहर के किसी भी इलाके में वर्षा दर्ज नहीं की गई है। इस अवधि में शहर का अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री और न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हल्की ठंड के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहे। 

बिहार के जिलों में ठंड का असर 

राज्य के अन्य जिलों की बात करें तो 14 जनवरी को सबौर (भागलपुर), डेहरी (रोहतास) और औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। फिलहाल बिहार में न्यूनतम तापमान 7 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। कई इलाकों में कोहरे का असर देखने को मिला है। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर में न्यूनतम दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। 

अगले सात दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक बिहार का मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान कई हिस्सों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। तापमान में अगले दो से तीन दिनों तक कोई खास बदलाव नहीं होगा, हालांकि तीन दिन बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट के आसार जताए गए हैं। 
मौसम विभाग ने ठंडी सुबह और कोहरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static