Bihar Weather Today: बिहार में शीतलहर का कहर: कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित, स्कूलों में छुट्टी बढ़ी
Thursday, Dec 25, 2025-07:11 AM (IST)
Bihar Weather Today: पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम से आ रही बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन और रात के तापमान में खास अंतर नहीं रहने से पूरे राज्य में ‘शीत दिवस (Cold Day)’ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक 28 दिसंबर तक मौसम में किसी बड़े सुधार की संभावना नहीं है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल La Nina Effect के कारण ठंड का असर सामान्य से ज्यादा लंबा रह सकता है। ऐसे में फरवरी तक शीतलहर और ठिठुरन बनी रहने की आशंका जताई जा रही है। राज्य के अधिकांश जिलों में धूप नहीं निकलने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
पछुआ हवा ने बढ़ाई ठिठुरन, शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा
दिन में थोड़ी बहुत राहत के बाद शाम ढलते ही पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ जाती है, जिससे ठंड और तेज महसूस हो रही है। वातावरण में नमी और ठंडी हवा के चलते कनकनी बढ़ गई है। इसका असर बाजारों और सड़कों पर साफ दिख रहा है, जहां आम दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ नजर आ रही है।
सीतामढ़ी में 28 दिसंबर तक स्कूल बंद, बच्चों को राहत
लगातार जारी शीतलहर को देखते हुए सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। प्रभारी डीएम सह एडीएम संजीव कुमार ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूलों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में 12वीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 28 दिसंबर तक रोक लगा दी है।
यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत जारी किया गया है। हालांकि, बोर्ड और प्री-बोर्ड परीक्षाओं से जुड़ी विशेष कक्षाओं और परीक्षाओं को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। पटना में भी ठंड को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री, जनजीवन प्रभावित
भीषण ठंड के कारण लोग घरों में रहना ही सुरक्षित समझ रहे हैं। बेहद जरूरी काम होने पर ही लोग बाहर निकल रहे हैं। धुंध और ठंडी हवाओं के चलते सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम हो गई है। बाजारों की रौनक फीकी पड़ गई है और बसों व ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
यात्रियों की कमी के कारण कई लंबी दूरी की बसों को रद्द भी करना पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
अगले कुछ दिन जारी रहेगा बर्फीली हवा का असर
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो से चार दिनों तक बर्फीली पछुआ हवाओं का प्रभाव बना रह सकता है। पूरे बिहार में ठंड का असर बेहद तीखा है। बीते एक सप्ताह से सूर्यदेव के दर्शन दुर्लभ हो गए हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

