Bihar Weather Alert: 31 दिसंबर तक बिहार में कोल्ड डे का खतरा, घना कोहरा बढ़ाएगा ठंड का सितम

Friday, Dec 26, 2025-08:10 AM (IST)

Bihar Weather Alert: बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राज्य में 31 दिसंबर तक घने कोहरे और कोल्ड डे (शीत दिवस) को लेकर चेतावनी जारी की है। दिसंबर के आखिरी दिनों में ठंड अपने चरम पर पहुंचती नजर आ रही है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

इन 11 जिलों में कोल्ड डे के आसार

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर में कोल्ड डे की स्थिति बनने की संभावना है। इन इलाकों में दिनभर ठंडी पछुआ हवा के कारण कनकनी बनी रहेगी।

राजधानी समेत पूरे राज्य में छाया रहेगा घना कोहरा

पटना सहित राज्य के अधिकांश जिलों में अगले 4 से 5 दिनों तक मध्यम से घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। सुबह और देर शाम के समय कोहरे का असर ज्यादा रहेगा, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।

20 मीटर तक पहुंची दृश्यता, गया-भागलपुर सबसे ज्यादा प्रभावित

गुरुवार को गया और भागलपुर में सबसे घना कोहरा देखने को मिला, जहां विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 20 मीटर तक पहुंच गई। पटना समेत अन्य जिलों में मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा। पूर्णिया, गया, भागलपुर और मधुबनी में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही।

तापमान में लगातार गिरावट, सहरसा सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस सहरसा के अगवानपुर में दर्ज किया गया। वहीं राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास बना हुआ है।

प्रमुख शहरों का तापमान

  • पटना: अधिकतम 18.4°C | न्यूनतम 12.6°C
  • गया: अधिकतम 18.6°C | न्यूनतम 8.5°C
  • भागलपुर: अधिकतम 19.2°C | न्यूनतम 17.0°C
  • मुजफ्फरपुर: अधिकतम 19.0°C | न्यूनतम 16.2°C

वहीं किशनगंज में 23.0 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

अलाव के सहारे जनजीवन, ठंड से फिलहाल राहत नहीं

लगातार बढ़ती ठंड के कारण कई इलाकों में लोग अलाव और अंगीठी का सहारा लेने को मजबूर हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 26 से 30 दिसंबर तक ठंड से राहत के कोई खास आसार नहीं हैं। उत्तर बिहार और दक्षिण-पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static