जानिए क्या है वो 31 साल पुराना मामला जिसमें पप्पू यादव को मिली जमानत
Tuesday, Feb 10, 2026-03:09 PM (IST)
Pappu Yadav : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पप्पू यादव को तीन दशक पुराने जालसाजी के एक मामले में शुक्रवार (6 फरवरी,2026) को गिरफ्तार किया गया था। वहीं आज पटना सिविल कोर्ट में पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने पूर्णिया सांसद को बड़ी राहत देते हुए जमानत अर्जी स्वीकार कर ली। फिलहाल पप्पू यादव को जमानत मिल गई है। वे पटना की बेऊर जेल में बंद थे।
जानिए हैं क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि मामला साल 1995 का है। शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया था कि पप्पू यादव ने उनका मकान किराए पर लिया था, लेकिन वहां रिहायशी की जगह दफ्तर संचालित किया जा रहा था। विवाद के बाद साल 1995 में पटना के शास्त्री नगर थाने में केस दर्ज कराया गया था। इसी पुराने मामले में वारंट जारी होने के बाद उनकी गिरफ्तारी हुई है।
पटना की एमपी-एमएलए अदालत ने लंबे समय तक पेशी में गैरहाजिर रहने के कारण पप्पू यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश भी जारी किया था। इससे पहले गिरफ्तारी वारंट और इश्तेहार भी जारी हो चुके थे, लेकिन तब कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
पप्पू यादव का दावा
पप्पू यादव ने दावा किया कि उन्हें इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वह राज्य सरकार की आलोचना कर रहे हैं, खासकर हाल में एक नीट अभ्यर्थी की मौत के मामले को लेकर, जिसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी गई है। पार्टी नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने आरोप लगाया है कि नीट अभ्यर्थी की मौत की जांच को लेकर यादव द्वारा की जा रही आलोचना के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

