बिहार में मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती, CM नीतीश ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Sunday, Dec 25, 2022-12:51 PM (IST)

पटनाः पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती आज पूरे राज्य में मनाई गई। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिवस पर राजकीय जयंती समारोह का आयोजन पाटलिपुत्रा पार्क, पटना में किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 

PunjabKesari

कई गणमान्य लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
इस अवसर पर वित्त, वाणिज्य कर सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, पूर्व मंत्री सह विधायक नन्द किशोर यादव, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, विधान पार्षद संजय सिंह, विधान पार्षद कुमुद वर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन, बिहार गीत एवं देश भक्ति गीतों का गायन भी किया गया। 

PunjabKesari

वाजपेयी जी ने देश के विकास के लिए काफी काम कियाः सीएम
कार्यक्रम के पश्चात् पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप जानते हैं कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में मुझे काम करने का मौका मिला। उन्होंने देश के विकास के लिए काफी काम किया। सांसद के रूप में भी उनके साथ मेरा काफी अच्छा अनुभव रहा। मैं हमेशा उनकी बातों को गौर से सुनता था। हमलोग बाद में उनके साथ आए और उनके नेतृत्व में केन्द्र में सरकार बनी। उन्होंने देश के विकास के लिए जिस प्रकार काम किया, वो कभी भूलाया नहीं जा सकता।

PunjabKesari

नीतीश कुमार ने कहा कि हमें वे बहुत मानते थे, तीन-तीन विभाग में काम करने का उन्होंने मौका दिया। हमारे इन विभागों का जो भी प्रस्ताव रहता था उसे वे स्वीकार करते थे और पूरा कराते थे। श्रद्धेय अटल जी मुझे बहुत मानते थे, उनके प्रति मेरे मन में काफी श्रद्धा का भाव है, हम उन्हें कभी नहीं भूल सकते हैं। हमलोगों ने उनके जन्मदिवस के अवसर पर राज्य में राजकीय समारोह के आयोजन का निर्णय लिया और यहां समारोह का आयोजन ठीक ढंग से किया जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static