Lalan Singh का दावा- कर्नाटक की तरह मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान से BJP का सफाया तय
Sunday, May 14, 2023-04:19 PM (IST)

पटना/दरभंगाः बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने दावा किया कि कर्नाटक की तरह ही आने वाले विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सफाया होगा।
ललन सिंह ने कहा कि भाजपा भावना से खिलवाड़ कर रही है। कर्नाटक चुनाव में खुले मंच से बजरंगबली के नाम पर वोट मांगा। लेकिन कर्नाटक की जनता ने सबक सिखा दिया है। आने वाले दिन में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में चुनाव होने वाले हैं जहां से भाजपा का सफाया होगा और 2024 के लोकसभा चुनाव में पूरा देश भाजपा मुक्त होगा। यह परिवर्तन गाथा बिहार लिखने का काम करेगा पूरे देश की नजर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर है।
वहीं जदयू अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी एकता को मजबूत किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव को अभी एक साल है, नारेबाजी पर ध्यान न दें संगठन को मजबूत करें। नारेबाजी सिर्फ हमारे नेता नीतीश कुमार और पार्टी जदयू की करें। कर्नाटक चुनाव के परिणाम आने से पहले आरसीपी सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण किया लेकिन वह अशुभ रहे। जब जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हुआ करते थे तो संगठन को जेब में रखते थे आज कार्यकर्ताओं को सम्मान मिल रहा है। कार्यकर्ताओं की यह पार्टी है आगे और सम्मान दिया जाएगा। जो चुनिंदा लोग पार्टी को जेब में लेकर चलते थे उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया है।