चौकीदार-दफादारों पर हुए लाठीचार्ज की चिराग पासवान ने की निंदा, बोले- "गांवों की रीढ़ पर प्रहार बर्दाश्त नहीं"
Wednesday, Feb 25, 2026-09:10 AM (IST)
Chirag Paswan News : केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने पटना में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे चौकीदार-दफादारों पर हुए लाठीचार्ज को "अत्यंत दुखद और निंदनीय" बताया है।
चिराग पासवान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि गांवों की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ रहे इन कर्मियों की आवाज को बल प्रयोग से दबाना किसी भी संवेदनशील व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि चौकीदार-दफादारों की समस्याओं और उनके साथ हुए व्यवहार को लेकर उनकी पार्टी ने निर्णय लिया है कि सांसद अरुण भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री से शीघ्र भेंट करेगा। यह प्रतिनिधिमंडल एक विस्तृत ज्ञापन सौंपेगा, जिसमें उनकी उचित मांगों के समाधान, सेवा-संबंधी समस्याओं के स्थायी निराकरण तथा दोषी प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग शामिल होगी।
पासवान ने कहा कि वह स्वयं भी इस विषय पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चौकीदार-दफादारों की आजीविका, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह करेंगे तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा, "सुधार के नाम पर वर्षों से सेवा दे रहे परिवारों की आजीविका और गरिमा से समझौता स्वीकार्य नहीं है। गांवों की सुरक्षा करने वालों का सम्मान और भविष्य सुरक्षित रखना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है।"

