दुर्घटना का शिकार हुई छठ पर घर लौट रहे मजदूरों की बस, 2 की मौत, आधा दर्जन लोग घायल
Thursday, Oct 27, 2022-11:18 AM (IST)

हाजीपुरः बिहार के हाजीपुर जिले से दर्दनाक घटना सामने आ रही है, जहां पर बस और ट्रक की ज़ोरदार टक्कर से बस सवार 2 लोगोें की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। वहीं सभी घायल लोगों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
छठ पर्व पर घर लौट रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, घटना हाजीपुर मे दिग्गी ओवरब्रिज की है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि छठ पर्व मे अपने घर लौट रहे मजदूरों की बस पटना से बगहा जा रही थी। इसी बीच हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 पर बस और ट्रक की ज़ोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायलों की पहचान बेतिया के मेघवल मठिया राम नगर निवासी 35 वर्षीय संजय महतो, 35 वर्षीय उग्रीव महतो, बगहा निवासी गोपाल यादव, रामनगर बेली बलवा निवासी 20 वर्षीय दीपक कुमार, भूरा बलिया निवासी 35 वर्षीय रमेश यादव, बगहा निवासी 33 वर्षीय अभय यादव, सिंगाही निवासी 35 वर्षीय कृष्णा मुंडा, बगहा तेमरा बाजार निवासी 50 वर्षीय सत्यनारायण यादव के रूप में हुई हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार,बस में कुल 50 से ज्यादा लोग सवार थे। घायलों की स्थिति को नाजुक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। इसके अतिरिक्त पुलिस मामले की जांच कर रही है।