बोरे में बंद मिले 2 मासूम बच्चों के शव, दो दिन से थे लापता; इलाके में तनाव
Wednesday, May 20, 2026-05:21 PM (IST)
Bihar News: बिहार में शेखपुरा जिले के कसार थाना क्षेत्र से पुलिस ने बोरे में बंद दो बालकों का शव बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कसार गांव से दक्षिण स्थित एक पोखर के समीप ग्रामीणों ने पानी भरे गड्ढे में दो बोरे पड़े देखे। संदेह होने पर जब बोरे खोले गए तो उसमें दो बालकों के शव मिले।
मृतकों की पहचान कसार गांव निवासी राजाराम राउत के पुत्र पीयूष कुमार तथा प्रमोद पासवान के पुत्र अंकुश कुमार के रूप में की गई। दोनों की उम्र लगभग 12 से 13 वर्ष बताई जा रही है। दोनों बच्चे रविवार से लापता थे। सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कसार थाना पुलिस, विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और डॉग स्क्वॉड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- पूर्व विधायक का बेटा 3 दिनों से लापता, भाई से बहस के बाद घर से निकला, अभी तक नहीं मिला कोई सुराग
एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम द्दष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों बच्चों की हत्या कहीं और कर शव को बोरे में बंद कर यहां फेंका गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस बीच विधायक रणधीर कुमार सोनी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के जिला मंत्री प्रभात पांडेय समेत कई जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दलों के नेता घटनास्थल पर पहुंचे तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

