''बिहारी को कभी गोली तो कभी गाली''...तेजस्वी बोले- बिहार का नाम बदलकर श्रमिक प्रदेश रख दे भाजपा
Friday, May 01, 2026-04:02 PM (IST)
Tejashwi Yadav News : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार से बड़े पैमाने पर पलायन और श्रमिकों की स्थिति को देखते हुए 'श्रमिक दिवस' का नाम बदलकर ‘बिहार समर्पित दिवस' या बिहार का नाम ‘श्रमिक प्रदेश' कर दिया जाना चाहिए।
यादव ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रमिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश निर्माण में मजदूरों का योगदान अतुलनीय रहा है, लेकिन उनके उत्थान और बेहतरी पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो रही है। यादव ने कहा कि श्रमिकों, उनके परिवारों और गांवों के विकास के बिना विकसित भारत की कल्पना करना संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार की पूंजीपरस्त नीतियों का सीधा असर मजदूरों एवं कामगारों पर ही पड़ा है। उन्होंने कहा कि पिछले 21 वर्षों से राजग सरकार की गरीब विरोधी नीतियों के कारण ही प्रतिवर्ष बिहार से लगभग चार करोड़ लोग काम की तलाश में दूसरे राज्यों में जाते है। पलायन संबंधित यह तथ्यपरक आंकड़ा भयावह है।
तेजस्वी ने कहा कि दूसरे राज्यों में ‘बिहारी' को कभी गोली तो कभी गाली दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहारियों'को मिल रही इस पीड़ा की जिम्मेदार राजग सरकार है।नोटबंदी, लॉकडाउन और अन्य आर्थिक परिस्थितियों में भी सबसे अधिक प्रभावित प्रवासी मजदूर ही हुए हैं। राजद नेता यादव ने कहा कि वर्तमान में गैस सिलेंडर संकट के कारण भी मजदूरों पर असर पड़ा है और कई लोग वापस बिहार लौट रहे हैं, लेकिन उनके रोजगार की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि बिहार के मजदूर दूसरे राज्यों में काम नहीं करेंगे तो वहां की फैक्ट्रियां भी प्रभावित होंगी।
यादव ने तंज कसते हुए कहा कि नाम बदलने में माहिर भाजपा नेताओं को खासकर बिहार के मुख्यमंत्री को 'श्रमिक दिवस' का नाम बदलकर‘बिहार समर्पित दिवस'या बिहार का नाम‘श्रमिक प्रदेश'कर देना चाहिए, क्योंकि राज्य श्रमिकों की आपूर्ति में अग्रणी है। श्री यादव ने श्रमिक दिवस के अवसर पर सभी से बिहार से पलायन रोकने और श्रमिकों के जीवन में सुधार लाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

