BJP विधायक के भतीजे पर जानलेवा हमला, हमलावरों ने लोहे की रॉड और बेल्ट से पीटा; सोने के गहने भी लूटे

Friday, May 15, 2026-04:23 PM (IST)

Bihar News: बिहार में बेखौफ अपराधियों ने अब नेताओं के परिजनों को भी अपना निशाना शुरू कर दिया है। मामला नवादा जिले से सामने आया है, जहां हिसुआ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अनिल सिंह के भतीजे कुंदन कुमार पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान अपराधियों सोने के आभूषण भी लूट लिए। 

मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप 

मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत एक मामूली विवाद से हुई। बताया जाता है कि विधायक के भतीजे चंदन कुमार अपने ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक काले रंग की ब्रेजा कार ने साइड मांगी। लेकिन सड़क पर पर्याप्त जगह न होने के कारण चंदन साइड नहीं दे सके, जिसके कारण कार सवार लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने गंगटा मुसहरी के पास चंदन के साथ गाली-गलौज की। इतनी ही नहीं, कार सवार लोग चंदन के पीछे उसके घर तक पहुंच गए। 

पीछा कर जसौली फाटक के पास घेरा 

इस दौरान चंदन के छोटे भाई कुंदन कुमार ने विवाद शांत कराने के उद्देश्य से बीच-बचाव किया। इसके बाद जब कुंदन अपनी बहन के घर सकरपुरा डेरमा की ओर जा रहे थे, तब ब्रेजा सवार बदमाशों ने 10-15 अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया। जसौली रेलवे फाटक के पास घात लगाकर बैठे हमलावरों ने कुंदन को घेर लिया और बेल्ट, डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। 

यह भी पढ़ें- बॉयफ्रेंड निकला दरिंदा! गर्लफ्रेंड को मिलने के लिए बुलाया, फिर दोस्तों संग मिलकर किया सामूहिक दुष्कर्म

शरीर के अंदरूनी हिस्सों में आई गंभीर चोटें 

इस हमले में कुंदन का सिर फट गया और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने कुंदन के गले से सोने की चेन, हाथ से सोने का ब्रेसलेट और चार अंगूठियां (कुल कीमत लगभग ₹1 लाख) लूट लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी घायल को स्कूल के पास छोड़कर खानपुर गांव की ओर फरार हो गए। फिलहाल घायल कुंदन कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पीड़ित परिवार ने इस संबंध में नेमदरगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है और हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static