"BJP ने हमारी पार्टी तोड़ी, अब चार का बदला 40 से लेंगे".. मुकेश सहनी ने कहा- विधायकों की खरीद-फरोख्त स्वीकार्य नहीं

Saturday, Jul 26, 2025-05:33 PM (IST)

Bihar Politics: विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी (Mukesh Sahani) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर हमला करते हुए आज कहा कि, भाजपा ने उन्हें सत्ता से बेदखल करने के लिए उनके चार विधायकों को शामिल करा लिया था और अब वह चार का बदला 40 से लेंगे। 

"BJP ने सोची- समझी साजिश के तहत सत्ता से किया बाहर"
मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा उनके जैसे एक गरीब मछुआरे के बेटे की राजनीतिक उभार को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार बनाने में सहयोग किया था और बाद में उन्हीं को सरकार से बाहर कर दिया गया। वीआईपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके चार विधायकों को शामिल कराकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जनता की सेवा की जिसके बाद उनके दल से पिछले विधानसभा चुनाव में चार विधायक निर्वाचित हुए। पार्टी ने सरकार में भागीदारी भी निभाई, लेकिन भाजपा ने एक सोची- समझी साजिश के तहत उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। 

"पार्टी इस बार के चुनाव में निभाएगी निर्णायक भूमिका"
सहनी ने कहा कि विधायकों की खरीद-फरोख्त लोकतंत्र में कहीं से भी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में 40 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा करते हुए दावा किया कि, उनकी पार्टी इस बार के चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के टिकट पर चार नहीं, बल्कि 40 विधायक विजयी होंगे। गौरतलब है कि वर्ष 2022 में वीआईपी पार्टी का नाता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से टूट गया था। तब सहनी बिहार विधान परिषद के सदस्य थे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में मंत्री भी थे। गठबंधन टूटने के ठीक बाद वीआईपी पार्टी के चार विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static