Bihar Weather Update: नवंबर में ‘जनवरी वाली सर्दी’! बिहार में पारा लुढ़का, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

Sunday, Nov 09, 2025-08:08 AM (IST)

Aaj Bihar Ka Mausam: बिहार में ठंड ने अब आधिकारिक तौर पर एंट्री ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानों में महसूस होने लगा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही पछुआ हवाओं (Westerly Winds) ने तापमान को 2 से 3 डिग्री तक नीचे ला दिया है।

शुक्रवार से ही पटना, गया, दरभंगा, भागलपुर, सीवान, नवादा और आसपास के जिलों में ठंडी हवा की चुभन बढ़ गई है। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

पछुआ हवा से ठिठुर रहा बिहार

उत्तर-पश्चिम से 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही पछुआ हवाओं ने अचानक मौसम का मिजाज बदल दिया है। सीवान के जीरादेई में न्यूनतम तापमान 16.4°C दर्ज किया गया — जो अब तक का सबसे ठंडा स्तर है। गया और नवादा में तापमान 17°C तक गिर गया।मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक ये ठंडी हवाएं और तेज होंगी, जिससे रात का पारा 2 से 3 डिग्री और नीचे जा सकता है।

सुबह की धुंध और दिन की मद्धिम धूप

बिहार की सड़कों पर अब सुबह-सुबह धुंध की चादर दिखने लगी है। पूर्णिया में विजिबिलिटी घटकर 800 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ रही है। सुबह 6 बजे तक घना कोहरा छा जाता है और सूरज की किरणें देर से झांकती हैं। हालांकि दोपहर में धूप मिलती है, लेकिन उसकी गर्माहट अब कम हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि कोहरा और ठंड अगले 3-4 दिनों तक और बढ़ेगी।

नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड

मौसम विज्ञान केंद्र,के मुताबिक, “हिमालय में लगातार बर्फबारी से उठी ठंडी हवाएं बिहार तक पहुंच रही हैं। इस बार सर्दी जल्दी दस्तक दे रही है — यानी नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड का अनुभव होने वाला है।”
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़े, मफलर और मास्क पहनने की सलाह दी है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए।

कुछ जिलों में घना कोहरा, विजिबिलिटी पर असर

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि किशनगंज, अररिया, भागलपुर, बक्सर और रोहतास में कोहरा ज्यादा देर तक छाया रह सकता है। पिछले 24 घंटे में

  • औरंगाबाद: 13.9°C
  • पूसा: 13.8°C
  • रोहतास: 13.9°C
  • वैशाली: 15.5°C
  • मुंगेर: 16.6°C

दर्ज किया गया। अनुमान है कि अगले हफ्ते से बिहार के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा और ठंड दोनों अपने चरम पर होंगे।

अब रजाई-कंबल निकालिए, ठंड अभी और बढ़ेगी

मौसम के बदलते तेवर ने साफ कर दिया है कि सर्दी अभी और तेज होगी। बच्चों के स्कूल यूनिफॉर्म में स्वेटर और टोपी लौट आए हैं, दुकानों पर ऊनी कपड़ों की खरीदारी शुरू हो चुकी है। लोग अब शाम ढलते ही घर लौटने की जल्दी में हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static