Bihar Weather Alert: भीषण ठंड की गिरफ्त में बिहार, 30 जिलों में Cold Day का Orange Alert, 14 जनवरी तक राहत नहीं
Tuesday, Jan 06, 2026-09:34 AM (IST)
Bihar Weather Alert: बिहार में सर्दी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। बर्फीली पछुआ हवाओं और घने कोहरे के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में 'कोल्ड डे' की चेतावनी जारी की है, जिसके तहत दिन के तापमान में भी सामान्य से काफी गिरावट दर्ज की जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति मकर संक्रांति (14 जनवरी) तक बनी रह सकती है, जिससे ठिठुरन और कोहरे से राहत की उम्मीद कम है।
घने कोहरे में लिपटा बिहार, विजिबिलिटी 100 मीटर तक गिरी
राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह से दोपहर तक घना कोहरा छाया रह रहा है, जिससे दृश्यता कई जगहों पर 100 मीटर तक गिर गई है। सीमांचल, उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार सभी क्षेत्र प्रभावित हैं। सड़कों पर वाहनों की गति धीमी हो गई है, जबकि रेल और हवाई सेवाओं में भी देरी देखी जा रही है। पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, पटना और गया जैसे प्रमुख शहरों में कोहरे का सबसे ज्यादा असर है।
Cold Day Orange Alert: 22 से बढ़कर 30 जिलों तक अलर्ट
IMD ने पहले 22 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जिसे बढ़ाकर 30 जिलों तक कर दिया गया है। औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर सहित उत्तर बिहार के कई इलाकों में 'कोल्ड डे' की स्थिति बनी हुई है। हालांकि पटना, बेगूसराय, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, भोजपुर और बक्सर जैसे जिलों में अलर्ट नहीं है, लेकिन यहां भी ठंडी हवाओं से कोई राहत नहीं मिल रही।
धूप निकली लेकिन ठंड बरकरार
सोमवार को राज्य का सबसे ठंडा स्थान गया रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में रात का तापमान 7 डिग्री तक गिरा, जबकि नालंदा में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। दिन में हल्की धूप निकली, लेकिन अधिकतम तापमान 14.1 से 19.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पटना में अधिकतम तापमान करीब 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो ठंड की धार को कम नहीं कर पाया।
Next 5–7 Days Forecast: अगले एक हफ्ते तक ठंड और कोहरा कायम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 5-7 दिनों तक ठंड और कोहरे का दौर जारी रहेगा। 9 जनवरी तक बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 7-8 जनवरी को कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन 10 जनवरी से फिर कोहरा तेज हो सकता है। उत्तर भारत के पश्चिमी विक्षोभ, ठंडी हवाओं की कम रफ्तार और नमी बढ़ने से यह स्थिति बनी हुई है। रात में साफ आसमान से तापमान तेजी से गिर रहा है।
Patna Weather Update: अलर्ट नहीं, लेकिन राहत भी नहीं
राजधानी पटना में फिलहाल ऑरेंज अलर्ट नहीं है, लेकिन सुबह मध्यम कोहरा और दिन में ठंडी हवाएं बनी रहेंगी। न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि गर्म कपड़े पहनें, सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें और स्वास्थ्य का ख्याल रखें। यह ठंड फसलों और दैनिक जीवन पर भी असर डाल रही है।

