Bihar Weather Alert: बिहार में चढ़ा पारा, 31 जिलों में गर्मी का प्रकोप – अलर्ट जारी

Tuesday, Apr 22, 2025-07:34 AM (IST)

Bihar Weather Alert: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार को प्रदेश के कई इलाकों में उमस भरी भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। बीते 48 घंटों में दिन के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे अधिकतम तापमान 42°C को पार कर गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह तो बस शुरुआत है, आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और तेज होगा।

पटना स्थित भारत मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने आज यानी 22 अप्रैल को राज्य के 31 जिलों के लिए हॉट डे (Heatwave2025)और ह्यूमिड हीट को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूरे हफ्ते के लिए हीट वेव, हॉट नाइट और हॉट डे की चेतावनी पहले ही जारी की जा चुकी है।

किसे किया गया अलर्ट में शामिल? (BiharHeatwaveWarning)

आईएमडी के मुताबिक आज राज्य के उत्तर-पश्चिमी, उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य जिलों में गर्मी अपने चरम पर होगी।

इनमें प्रमुख जिले हैं:

उत्तर-पश्चिमी बिहार: पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज

उत्तर-मध्य बिहार: सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर

दक्षिण बिहार: पटना, गया सहित अन्य जिले

इन सभी जिलों में आज तापमान 40°C से 42°C के बीच रहने का अनुमान है, जबकि महसूस की जाने वाली गर्मी इससे भी अधिक होगी।

मौसम में बदलाव की वजह क्या है?

आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा (द्रोणिका) मध्य पाकिस्तान से बांग्लादेश तक बनी हुई है, जो हरियाणा, यूपी, एमपी, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। यह ट्रफ समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है।

वहीं, पूर्वोत्तर असम के ऊपर 1.5 किमी से 3.1 किमी की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो पूरे पूर्वोत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है।

इसके अलावा, 24 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे आने वाले दिनों में हवा की दिशा और तापमान में कुछ बदलाव संभव है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static