बिहार STF की बड़ी कार्रवाई : 4000 कारतूस के साथ कुख्यात अपराधी रवि सिंह गिरफ्तार
Sunday, Aug 17, 2025-08:01 PM (IST)

बेगूसराय: बिहार पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली है। बेगूसराय जिला पुलिस और बिहार STF की संयुक्त कार्रवाई में लोहियानगर थाना क्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज से कुख्यात अपराधकर्मी रवि सिंह उर्फ रवि कुमार सिंह को 4000 जिंदा कारतूसों के जखीरे के साथ दबोचा गया।
पुलिस टीम ने मौके से 1 लाख रुपये नकद, एक लग्जरी कार, एक मोबाइल और अन्य सामान भी बरामद किया है। जानकारी के मुताबिक अपराधकर्मी उत्तर प्रदेश से यह गोलियां लेकर आ रहा था और बिहार में बड़े पैमाने पर सप्लाई करने की फिराक में था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी रवि सिंह का पहले से ही लूट और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। उसकी गिरफ्तारी को बिहार पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।