Bihar News: संपत्ति के लालच में बड़े भाई की बेरहमी से हत्या, छोटे भाई ने लोहे के सरिया से किया हमला
Saturday, Jan 17, 2026-10:07 AM (IST)
Bihar News: बिहार में पूर्वी चंपारण जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां संपत्ति के लोभ में छोटे भाई को अपने बड़े भाई की लोहे के सरिया (रोड) से मारकर हत्या कर दी है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन भाइयों में सबसे बड़ा था बिंदेश्वरी ठाकुर
जानकारी के अनुसार, मामला जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को सिगहां टोला में छोटे भाई बिंदा ठाकुर ने अपने ही सहोदर बड़े भाई बिंदेश्वरी ठाकुर की लोहे के सरिया (रोड) से मारकर हत्या कर दी है। सूत्रों ने बताया कि तीन भाइयों में बिंदेश्वरी ठाकुर सबसे बड़ा था। बिंदेश्वरी को कोई पुत्र नहीं है। उसकी एक पुत्री है, जिसकी शादी हो चुकी है, लेकिन शादी के बाद वह माता-पिता के साथ मायके में ही सपरिवार रहा करती है। यह बात बिंदेश्वरी के दोनों छोटे भाइयों बिंदा और अशोक ठाकुर को पसंद नहीं थी।
इस मामले में मृत बिंदेश्वरी ठाकुर की पुत्री नीलम ने बताया कि उसके दोनों चाचा बार-बार उसके पिता के साथ अनावश्यक विवाद पैदा कर मारपीट करते थे और आज अंतत: दोनों छोटे भाइयों ने मिलकर अपने ही सहोदर बड़े भाई की हत्या कर दी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

