Bihar NDA Manifesto 2025: घोषणापत्र में NDA का मास्टरस्ट्रोक, अब किसानों को 2000 नहीं, मिलेंगे इतने रुपए
Friday, Oct 31, 2025-02:57 PM (IST)
Bihar NDA Manifesto 2025: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) के लिए शुक्रवार को अपना घोषणापत्र (Bihar Election Manifesto) जारी करते हुए किसानों के लिए भी बड़े वादे किए है।
अब सलाना किसानों को मिलेंगे इतने रुपए
NDA के संकल्प पत्र ( Bihar NDA Manifesto) में किसान सम्मान और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी की बात कही गई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में किसान सम्मान निधि योजना शुरू की है और बिहार में लगभग 87 लाख किसानों को प्रतिवर्ष सीधे 6000 की राशि मिलती है। उन्होंने कहा कि उसे आगे बढाते हुए बिहार में एक योजना चलाई जायेगी, जिसमें कपूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि के तहत 3000 की राशि अतिरिक्त दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब किसानों को मिलने वाली कुल राशि 9000 हो जाएगी।
कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में होगा एक लाख करोड़ रुपया का निवेश
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इसके साथ ही कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में एक लाख करोड़ रुपया का निवेश भी किया जायेगा। सम्राट चौधरी में कहा कि राजग के संकल्प पत्र में मत्स्य और दूध के उत्पादन पर जोर दिया गया है और बिहार में दुग्ध मिशन की शुरुआत करते हुए हर प्रखंड में चिलिंग और प्रोसेसिंग यूनिट लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिहार मतस्य मिशन के तहत मछली का निर्यात दुगुना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जुब्बा सहनी मतस्य पालक सहायता राशि के रूप में हर मछली पालक को 9000 की सहायता राशि दी जाएगी।
1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य
महिलाओं के लिए राजग ने ‘‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना'' की घोषणा की है, जिसके तहत महिलाओं को दो लाख रुपए तक की सहायता राशि दी जाएगी। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और राज्य की अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ाने में मदद करेगी। इसके अलावा 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
चार शहरों में मेट्रो रेल शुरू करने की घोषणा
बिहार के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजग सरकार एक्सप्रेसवे और रेलवे के विस्तार से बिहार में विकास की रफ्तार बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सात एक्सप्रेसवे और 36000 किलोमीटर रेल लाइन के आधुनिकीकरण की योजना है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा चार शहरों में मेट्रो रेल शुरू की जाएगी।

