छठमय हुआ बिहार, पटना के गंगा घाट सज-धजकर तैयार, घर-घर में गूंज रहे हैं छठी मैया के गीत

Monday, Oct 27, 2025-12:31 PM (IST)

Chhath Puja 2025 : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर लोगों में उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है। छठ महापर्व का आज तीसरा दिन है। आज शाम को बड़ी संख्या में छठ व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसको लेकर पूरी तरह से तैयारी है। छठ महापर्व को लेकर राजधानी पटना के गंगा घाट सज-धजकर तैयार हो गए हैं। राजधानी पटना के लोग आज अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देंगे जिसके लिए जहां साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा और अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई है। 

छठ व्रतियों में उत्साह और रौनक
वहीं छठ व्रतियों में उत्साह और रौनक देखते ही बन रही है। छठ की छटा आज पूरी राजधानी में छाई हुई है। घर से लेकर घाट तक, गलियों से लेकर सड़कों तक... हर तरफ आकर्षक सजावट दिख रही है। पुलिस प्रशासन भी अलर्ट है। छठ को लेकर राजधानी पटना समेत पूरे बिहार के घर-घर में छठ के गीत गूंजने लगे हैं। ' केलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेड़राय, आदित लिहो मोर अरगिया., दरस देखाव ए दीनानाथ., उगी है सुरुजदेव., हे छठी मइयातोहर महिमा अपार., कांच ही बास के बहंगिया बहंगी लचकत जाय ..... , गीत सुनने को मिल रहे हैं।'

PunjabKesari

छठ घाट पर पुख्ता चिकित्सीय इंतजाम 
राज्य सरकार ने हर छठ घाट पर सुरक्षा तय करने के लिए जिला प्रशासन को आदेश दिया है। खासकर, किसी भी तरह की कोई भगदड़ न मचे, इसका ख्याल रखने की पूरी कोशिश जिला प्रशासन कर रहा है। छठ घाट पर पुख्ता चिकित्सीय इंतजाम किए गए हैं। आपात परिस्थिति में एंबुलेस की मदद ली जा सकती है। दानापुर से पटना सिटी तक गंगा किनारे लगभग 100 घाटों पर 21 सेक्टर में 552 अस्थायी शौचालय, 450 अस्थायी यूरिनल, 37 चापाकल, 185 रनिंग वाटर-टैप, 400 अस्थायी चेंजिंग रूम, 13 यात्री शेड, 112 नियंत्रण कक्ष, 13 सहायक नियंत्रण कक्ष, 171 वॉच टावर तथा 103 मेडिकल कैम्प क्रियाशील है। सभी वाच टावरों पर नागरिक सुरक्षा वोलंटियर्स की प्रतिनियुक्ति की गई है। 

PunjabKesari

मोटर वोट के माध्यम से रिवर पेट्रॉलिंग की व्यवस्था की गई है। कुल 18 नदी गश्ती दल प्रतिनियुक्त किया गया है। 10 रिवर फ्रंट-घाट गश्ती तथा 03 स्पीड बोट गश्ती दल भी तैनात किया गया है। नावों का परिचालन प्रतिबंधित है।पटना स्मार्ट सिटी 187 कैमरों से 35 घाटों की निगरानी कर रहा है। सुरक्षा के लिए कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static