बिहार में विकास ने पकड़ी रफ्तार, प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 76 हजार रुपये
Monday, Feb 02, 2026-04:18 PM (IST)
Bihar News : बिहार के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सोमवार को कहा कि बिहार देश में सबसे तेज गति से विकास करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है और राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 76 हजार रुपये हो गई है। विधानमंडल में बिहार आर्थिक समीक्षा प्रस्तुत करने के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यादव ने कहा कि वृद्धि दर के मामले में बिहार दूसरे स्थान पर है, जबकि तमिलनाडु पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा, ''बिहार की आर्थिक वृद्धि दर 13.1 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय दर 7.3 प्रतिशत से काफी अधिक है।''
प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 76 हजार रुपये हुई
यादव ने कहा, ''राज्य की प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो 69 हजार रुपये से बढ़कर 76 हजार रुपये हो गई है। सरकार का ध्यान औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन पर केंद्रित है।'' उन्होंने बताया कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने के उद्देश्य से पूर्व मुख्य सचिव नवीन कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसे छह माह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
बीज वितरण में बिहार बना देश का पहला राज्य
वित्त मंत्री ने कहा, ''आर्थिक नीति के तहत सरकार ने शुरुआती 10 वर्षों में बिजली और सड़क अवसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया। अब सरकार का जोर औद्योगिकीकरण और रोजगार सृजन पर है, ताकि राज्य के लोगों की आय में तेजी से वृद्धि हो सके।'' कृषि क्षेत्र पर चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि कृषि, वानिकी और मत्स्य क्षेत्र का सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) में योगदान 23.1 प्रतिशत रहा है। धान, गेहूं और मक्का के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ-साथ दूध, अंडा और मछली उत्पादन में भी तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों के घर तक बीज पहुंचाने की व्यवस्था लागू करने वाला बिहार देश का पहला राज्य है। वित्त मंत्री ने कहा कि कुल मिलाकर बिहार आर्थिक समीक्षा 2025–26 राज्य की अर्थव्यवस्था की सकारात्मक और भविष्य उन्मुख तस्वीर प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि व्यापक आर्थिक स्थिरता, क्षेत्रीय विविधीकरण, बढ़ता निवेश, मानव पूंजी का विकास, रोजगार सृजन और सतत अवसंरचना विकास बिहार की प्रगति के मजबूत आधार हैं।

