Bihar Election 2025: "कांग्रेस को देश के सनातन भाईयों की भावनाओं से कोई मतलब नहीं", भागलपुर में बरसे CM मोहन यादव
Wednesday, Oct 29, 2025-06:20 PM (IST)
Bihar Election 2025: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता मोहन यादव (Mohan Yadav) ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस (Congress) की अड़चन और विरोध के बाद भी अयोध्या में राममंदिर का निर्माण हुआ और अब सीतामढ़ी में भी मां सीता का मंदिर बनेगा।
कांग्रेस को देश के सनातन भाईयों की भावनाओं से कोई मतलब नहीं- Mohan Yadav
मोहन यादव ने आज भागलपुर जिले के नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिग गठबंधन (राजग) प्रत्याशी मिथुन कुमार के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा कई काम किए गए और उनमें से एक महत्वपूर्ण काम अयोध्या में राम मंदिर बनवाना शामिल है, जो देशवासियों के लिए चिर लंबित सपना था। उन्होंने कहा कि इसके पहले मंदिर के लिए कई दंगे हुए, नाटक हुए। मंदिर नहीं बने, इसके लिए कांग्रेस ने क्या-क्या नहीं किया। यादव ने कहा कि कांग्रेस के कड़े विरोध के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्दढ़ संकल्प की वजह से अयोध्या में राम मंदिर बना है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण के लिए कुछ नहीं किया तो सीतामढ़ी में माता सीता के मंदिर के लिए वह क्या करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को देश के सनातन भाईयों की भावनाओं से कोई मतलब नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा- Mohan Yadav
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या आज बदल गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में महाकाल का महालोक बना है। पहले वहां पर साठ लाख श्रद्धालु आते थे, अब साठ करोड़ श्रद्धालु आते हैं। इसी तरह सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य मंदिर बन रहा है। पूरे बिहार और देशवासियों को मां सीता का आशीर्वाद प्राप्त होगा। यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। वहीं 2005 के बाद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार में कई उल्लेखनीय काम हुये हैं। उन्होंने कहा कि भारत और बिहार के गौरवशाली अतीत को अक्षुण्ण रखने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार कई काम कर रही है। राजग सरकार मौजूदा समय में किसानों को सम्मान निधि दे रही है। पूर्व में कांग्रेस सरकार वह सम्मान दे सकती थी, लेकिन उसने नहीं दिया ।यह (सम्मान निधि) केवल पैसा नहीं है बल्कि देश के किसानों का सम्मान है।

