Bihar Election Result 2025: बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने जताया महागठबंधन की जीत का भरोसा, कहा- कमाई- दवाई और पढ़ाई की सरकार बनेगी...
Friday, Nov 14, 2025-08:26 AM (IST)
Bihar Election Result 2025: बिहार में दो चरणों में 243 विधानसभा सीटों पर सम्पन्न चुनाव में हुए मतदान की गिनती आज सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। राज्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य के सभी 38 जिलों में बनाए गए 46 मतगणना केंद्रों पर आज सुबह आठ बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई। वहीं, इसी बीच बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम (Rajesh Ram) ने महागठबंधन की जीत पर भरोसा जताया।
"अगर वोटों की गिनती निष्पक्ष तरीके से हुई, तो बिहार में हमारी सरकार बनेगी"- कांग्रेस
महागठबंधन के चुनावी वादों पर भरोसा जताते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि गठबंधन ने पूरा चुनाव साथ मिलकर लड़ा है और एक ऐसी सरकार बनाएगा जो "विश्वसनीय, परखी हुई" होगी और लोगों की कमाई, उनके स्वास्थ्य सेवा और उनकी शिक्षा को बढ़ाने के लिए काम करेगी। राजेश राम ने बताया, "अगर वोटों की गिनती निष्पक्ष तरीके से हुई, तो बिहार में हमारी सरकार बनेगी। इंडिया (गठबंधन) साथ मिलकर काम करेगा और कदम से कदम मिलाकर काम किया है और साथ मिलकर (यह चुनाव) लड़ा है। भरोसेमंद, परखी हुई, कमाई, दवाई और पढ़ाई की सरकार बनेगी।"
बता दें कि बिहार कांग्रेस प्रमुख औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। 2015 और 2020 के चुनावों में उनकी जीत के बाद, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा (सेक्युलर) (HAMS) के टिकट पर ललन राम को मैदान में उतारा है। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार श्याम बलि राम ने भी इस सीट पर दावा पेश किया है।

