सीएम नीतीश ने 1224 नवनियुक्त चिकित्सकों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- जिम्मेदारी से निभाएं अपना कर्तव्य
Saturday, Feb 07, 2026-01:10 PM (IST)
Nitish Kumar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को 1224 नवनियुक्त विशेषज्ञ एवं सामान्य चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। नीतीश कुमार ने आज ऊर्जा ऑडिटोरियम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 1224 नवनियुक्त विशेषज्ञ एवं सामान्य चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने इस दौरान अनुभव प्रकाश, मृणाल कुमार,रौशन कुमार, नेहा कुमारी, रविरंजन कुमार, उत्कर्ष शर्मा,आशीष रंजन,आलोक रंजन एवं अभिषेक कुमार को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवनियुक्त विशेषज्ञ एवं सामान्य चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के बाद उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुये कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का अच्छी तरह से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुद्दढ़ बनाने के लिये लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे लोग अच्छे से काम करें जिससे राज्यवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ.चन्द्रशेखर सिंह, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव हिमांशु शर्मा, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम, वरीय पुलिस अधिक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं नियुक्ति पत्र पानेवाले अभ्यर्थी उपस्थित थे।

