CM नीतीश का महिलाओं को तोहफा, 80 पिंक बसों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना; मिलेगा आरामदायक यात्रा का अनुभव
Monday, Sep 08, 2025-12:35 PM (IST)

Bihar CM Nitish kumar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को सुगम परिवहन के लिये महिलाओं के लिए द्वितीय चरण में 80 पिंक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नीतिश कुमार ने 01 अणे मार्ग से 80 पिंक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सभी 1065 बसों में ई-टिकटिंग सुविधा का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने बसों को रवाना करने के पूर्व बसों का निरीक्षण किया और उसमें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। महिला सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा उठाया गया यह महत्वपूर्ण कदम है, जिसके तहत द्वितीय चरण में 80 पिंक बसों का परिचालन शुरू किया गया है। इससे महिलाओं का सफर सुरक्षित और आरामदायक होगा और उन्हें आवागमन में काफी सहूलियत होगी।
इस अवसर पर दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, राज्य परिवहन आयुक्त आशुतोष द्विवेदी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।