बेतिया में धान गबन मामले पर बड़ी कार्रवाई, पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक को भेजा गया जेल
Friday, Aug 15, 2025-09:58 AM (IST)

बेतिया: धान अधिप्राप्ति 2024-25 में गबन के गंभीर मामले में बिहार के पश्चिमी चंपारण के मैनाटांड़ प्रखंड के बरवा पैक्स के अध्यक्ष कमलेश साह और प्रबंधक विनय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गोदाम में 4,260 क्विंटल धान गायब
इस मामले में पुलिस ने बताया कि जिलाधिकारी(डीएम)धर्मेन्द्र कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, नरकटियागंज ने 16 जून को पैक्स की जांच की, जिसमें 10,593 क्विंटल धान खरीद में से केवल 3,480 क्विंटल मिल को भेजा गया और गोदाम में 4,260 क्विंटल धान गायब पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने गबन को गंभीर अपराध बताते हुए सख्त कारर्वाई के निर्देश दिये थे। इस निर्देश पर कारर्वाई करते हुए इनरवा थाने में गबन की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी, जिसमें इनरवा पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
डीएम धर्मेन्द्र कुमार ने चेतावनी दी है कि धान अधिप्राप्ति में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह किसानों के हितों पर प्रहार है और दोषियों को कठोर सजा दी जाएगी। बरवा पैक्स मामला इसका एक उदाहरण है जो स्पस्ट करता है कि गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी अधिकारियों को किसानों के हितों की रक्षा के लिए ईमानदारी से काम करने का निर्देश दिया गया।