आकांक्षा दुबे केस में भोजपुरी सिंगर समर सिंह गिरफ्तार, एक्ट्रेस की मां ने लगाए थे ये आरोप
Friday, Apr 07, 2023-04:49 PM (IST)

पटना: भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे (Akanksha Dubey) की आत्महत्या मामले में पुलिस ने आरोपी सिंगर और प्रोड्यूसर समर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। समर सिंह की गिरफ्तारी गाजियाबाद की चार्म क्रिस्टल सोसाइटी से हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
समर सिंह को गाजियाबाद से किया गया गिरफ्तार
दरअसल, आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे की तहरीर पर पुलिस ने समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 26 मार्च को आकांक्षा दुबे की मौत के बाद से लगातार पुलिस दोनों को ढूंढ़ रही थी। वहीं पुलिस ने समर सिंह को गाजियाबाद की चार्म क्रिस्टल सोसाइटी से गिरफ्तार कर लिया है। गाजियाबाद शहर के पुलिस उपायुक्त निपुण अग्रवाल ने कहा कि वाराणसी आयुक्तालय के सारनाथ थाने की पुलिस गुरुवार की देर रात गाजियाबाद पहुंची। उन्होंने समर सिंह को चार्म्स कैसल से पकड़ने में गाजियाबाद पुलिस की मदद मांगी। पुलिस उपायुक्त ने शुक्रवार की सुबह कहा कि आरोपी को गाजियाबाद अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है। वाराणसी पुलिस ने उसके ट्रांजिट रिमांड का अनुरोध किया है।
एक्ट्रेस की मां ने लगाए थे ये आरोप
बता दें कि मृतक अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने आरोप लगाया कि आकांक्षा ने समर के साथ तीन साल तक काम किया, लेकिन उसने उसे एक पैसा नहीं दिया। उसने प्राथमिकी में कहा कि समर पर उसके 3 करोड़ रुपये बकाया थे और जब आकांक्षा इसके लिए कहती थी, तो समर उसे प्रताड़ित करता था और उसकी पिटाई करता था। जब भी वह अन्य कलाकारों के साथ काम करने की कोशिश करती थी, तो वह उसे परेशान करता था।