ये कैसी शराबबंदी! अब छपरा में जहरीली शराब पीने से 9 लोगों ने गंवाई जान, 37 की हालत गंभीर

Friday, Aug 05, 2022-01:16 PM (IST)

छपराः बिहार में जहरीली शराब पीने से मौत का सिलसिला बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला छपरा जिले का है, जहां पर बीते 3 दिनों में 9 लोगों की मौत हो गई जबकि 37 लोगों की हालत गंभीर हैं। इतना ही नहीं इससे 14 लोगों ने अपनी आंखों की रोशनी भी गंवा ली है। वहीं इस घटना के बाद से परिजनों में मातम पसर गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना छपरा जिले के मकेर थाना क्षेत्र के फुलवरिया पंचायत स्थित भाथा नोनिया टोली की है। बताया जा रहा है कि गांव में पूजा थी। पूजा के बाद देसी शराब पीने के लिए मंगाई गई थी। सभी लोगों ने एक साथ बुधवार की रात और गुरुवार की सुबह देसी शराब पी थी। इसी बीच सभी लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद सभी को अस्पताल भर्ती करवाया गया, जहांं इलाज के दौरान 9 लोगों की मौत हो गई जबकि 37 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए एक शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। बता दें कि घटना के बाद से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस घटना के सभी पहलओं पर जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static