बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 36 IAS और 26 IPS अधिकारियों का तबादला
Sunday, Apr 09, 2023-08:54 AM (IST)

पटनाः बिहार में प्रशासन और कानून-व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 36 और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 26 अधिकारियों का तबादला किया है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के अलावा 15 जिलाधिकारियों का भी तबादला किया गया है। जिन जिलाधिकारियों का तबादला किया गया है, उनमें औरंगाबाद, खगड़िया, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, सारण, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सहरसा, बक्सर, सीवान, शेखपुरा, अरवल और शिवहर शामिल हैं।
वहीं आईएएस अधिकारी कुंदन कुमार को पूर्णिया, अमित कुमार पांडे को खगड़िया, अंशुल अग्रवाल को बक्सर, विजय प्रकाश मीणा को मधेपुरा, वैभव चौधरी को सहरसा, रामशंकर को शिवहर, दिनेश कुमार राय को पश्चिम चंपारण, सावन कुमार को कैमूर, जे प्रियदर्शनी को शेखपुरा, वर्षा सिंह को अरवल, मुकुल कुमार गुप्ता को सीवान, रवि प्रकाश को कटिहार, सुहर्ष भगत को औरंगाबाद, अमर समीर को सारण और सौरव जोरवाल को पूर्वी चंपारण का जिलाधिकारी बनाया गया है।