मुंगेर हत्याकांडः पटना HC के आदेश पर 13 पुलिस अफसरों का तबादला, घटनास्थल पर पहुंची CID की टीम

Monday, Apr 12, 2021-06:44 PM (IST)

 

मुंगेरः मुंगेर प्रतिमा विसर्जन के दौरान मारे गए युवक अनुराग हत्याकांड मामले में सीआईडी की टीम मुंगेर पहुंची है। साथ ही उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। सीआईडी की टीम के साथ फोरेंसिक डिपार्टमेंट की टीम भी है। इस मामले में स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं इस मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर मुंगेर के एसपी सहित 13 पुलिस अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।

पटना हाईकोर्ट ने मुंगेर हत्याकांड में पुलिस की जांच को लेकर नाराजगी व्यक्त की थी। इस पर पुलिस मुख्यालय ने मामले की जांच से जुड़े 13 अफसरों का तबादला दूसरे जिलों में कर दिया है। ट्रांसफर किए गए अफसरों में 10 मुंगेर जिले तो 3 अन्य जिलों में पदस्थापित थे।

जिन 13 अफसरों का तबादला किया गया है, उनके नाम इस प्रकार हैः-
- रतन कुमार मुंगेर से गया
- पंकज कुमार सिंह मुंगेर से गया
- विनय कुमार सिंह मुंगेर से किशनगंज
- मो शोएब आलम शेखपुरा से सारण
- अजय कुमार मुंगेर से सारण
- किशुन राय मुंगेर से गया
- नरेंद्र मिश्रा मुंगेर से दरभंगा
- राजनंदन कुमार शेखपुरा से दरभंगा
- राजेश कुमार रंजन मुंगेर से सारण
- ललित कुमार मुंगेर से अरवल
- शशिकांत झा मुंगेर से अरवल
- अमित कुमार जमुई से अरवल
- दीपक साह मुंगेर से दरभंगा

वहीं कोर्ट ने कहा था कि सीआईडी जांच हाईकोर्ट की निगरानी में ही होगी। सरकार को यह आदेश भी दिया कि मृतक अनुराग के परिजनों को तत्काल 10 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए। इस कार्रवाई के बाद मृतक अनुराग के परिवार ने संतोष जताते हुए न्याय मिलने की बात कही है। बता दें कि 26 अक्टूबर 2020 को प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई गोलीबारी में अनुराग की हत्या हुई थी। पुलिस पर हत्या का आरोप लगा था। इस मामले में उच्च न्यायालय ने हाईकोर्ट की निगरानी में सीआईडी से जांच करवाने का आदेश दिया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static