सहरसा: पूजा में प्रसाद खाने के बाद 100 से ज्यादा लोग बीमार, बच्चों में उल्टी-दस्त; मेडिकल टीमें तैनात

Sunday, Aug 09, 2026-08:35 PM (IST)

सहरसा: बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के सरदिहा गांव में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान प्रसाद खाने के बाद बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई लोगों को उल्टी, दस्त और बुखार जैसी शिकायत हुई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, 100 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि स्थानीय पंचायत समिति सदस्य ने यह संख्या 150 से 200 के बीच होने का अनुमान जताया है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव पहुंच गई हैं और प्रभावित लोगों का इलाज किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।

पूजा के बाद बिगड़ी तबीयत

सरदिहा गांव के वार्ड नंबर 8 और 9 में लोगों के बीमार पड़ने की सूचना सामने आई। बताया गया कि गुरुवार को गांव में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जिनमें लोगों ने हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज आशीष कुमार ने बताया कि पूजा में खाना खाने के बाद बच्चों समेत करीब 100 लोग बीमार पड़े हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और गंभीर हालत वाले मरीजों को आगे के इलाज के लिए सहरसा भेजा जा रहा है।

100 से ज्यादा लोगों के प्रभावित होने की जानकारी

सिविल सर्जन राज नारायण प्रसाद ने बताया कि 100 से अधिक लोगों के प्रभावित होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि चूंकि मामले गांव के कई घरों से सामने आए हैं, इसलिए प्रभावित लोगों की सटीक संख्या फिलहाल स्पष्ट नहीं है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, कुछ मरीजों में बुखार, उल्टी और खाने-पीने से जुड़ी परेशानी के लक्षण सामने आए हैं। इसके बाद सब-डिविजन अस्पताल से मेडिकल स्टाफ और पर्याप्त दवाइयों के साथ टीम को गांव भेजा गया। सिविल सर्जन ने बताया कि एक-दो बच्चों की तबीयत अभी भी खराब है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सहरसा सदर अस्पताल भेजा जाएगा।

प्रसाद से बीमारी हुई या मौसम की वजह?

इस घटना को लेकर फिलहाल बीमारी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पंचायत समिति सदस्य राहुल सिंह के मुताबिक, धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने और प्रसाद खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ी। हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी यह जांच का विषय है कि बीमारी प्रसाद की वजह से हुई या मौसम में बदलाव के कारण। उन्होंने बताया कि गांव में मेडिकल टीम मौजूद है और मरीजों का इलाज चल रहा है। कई लोगों की हालत में धीरे-धीरे सुधार भी हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Rana

Related News

static