पटना के मोकामा टाल से मिली 12वीं के छात्र की लाश, बेगूसराय से 4 दिन पहले हुआ था लापता

Monday, Aug 30, 2021-05:24 PM (IST)

बेगूसरायः बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। बेखौफ पुलिस सरेआम पुलिस को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में 26 अगस्त से लापता 12वीं के छात्र का शव सोमवार सुबह पटना के मोकामा टाल से बरामद किया गया है। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक ऋतुराज कुमार बेगूसराय जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र के विनोदपुर का रहने वाला था। छात्र डीएवी स्कूल में इंटरमीडिएट में पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने बताया कि ऋतुराज कुमार हर रोज की तरह 26 अगस्त को अपनी साइकिल से विद्यालय जाने के लिए निकला, लेकिन शाम तक वापस नहीं आया। इसके बाद थाने में अपहरण का मामला दर्ज करवाया गया। वहीं तीन दिन बीत जाने के बाद ऋतुराज का कुछ पता नहीं चला।

इसी बीच सोमवार की सुबह कुछ लोगों ने पटना जिला के मोकामा टाल के समीप रेलवे किनारे एक शव को देखा। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी हाथीदह थाने में दी, जिसके बाद शव की पहचान ऋतुराज कुमार के रूप में की गई। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जबकि 27 अगस्त को बेगूसराय स्टेशन से ऋतुराज कुमार की साइकिल एवं बैग बरामद किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static