मैजिक वाहन की छत में बना था सीक्रेट तहखाना, पुलिस ने ली तलाशी तो नजारा देख रह गई दंग

Tuesday, Feb 17, 2026-11:28 AM (IST)

Bihar News: बिहार में कड़े शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर पुलिस से दो कदम आगे निकलने की जुगत में हैं। ताजा मामले में नवादा पुलिस ने एक ऐसे हाईटेक 'जुगाड़' का भंडाफोड़ किया है, जिसे देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। तस्करों ने एक मैजिक वाहन की छत पर गुप्त तहखाना (सीक्रेट चैंबर) बना रखा था, जिसमें करीब 378 लीटर अवैध शराब छिपाई गई थी। 

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल 
उत्पाद विभाग को गुप्त जानकारी मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन के जरिए शराब की बड़ी खेप तस्करी कर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने विशेष घेराबंदी की और संबंधित मैजिक वाहन को बीच रास्ते में रोक लिया। 

सघन तलाशी और सीक्रेट चैंबर का खुलासा 
शुरुआती जांच में वाहन पूरी तरह सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन अधिकारियों को कुछ संदेह हुआ। गहन तलाशी के दौरान टीम की नजर वाहन की छत पर बने एक विशेष बॉक्सनुमा ढांचे पर पड़ी। जब पुलिस ने उसे खोला, तो अंदर शराब की बोतलों का अंबार लगा था। तस्करों ने छत में इतनी बारीकी से तहखाना बनाया था कि वह सामान्य आंखों से पहचानना लगभग नामुमकिन था। 

यह भी पढ़ें- टूर पर जा रही स्कूल बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, दो शिक्षकों की मौत, 16 घायल

बरामदगी और गिरफ्तारी
पुलिस ने कुल 1008 बोतल अवैध शराब (लगभग 378 लीटर) बरामद की है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए गए मैजिक वाहन को भी जब्त किया गया है। आरोपी की पहचान विश्वकर्मा पंडित, निवासी बोकारो (झारखंड) के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी विश्वकर्मा पंडित से पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की यह बड़ी खेप झारखंड से बिहार के किस सिंडिकेट तक पहुंचाई जानी थी। 

यह भी पढ़ें- होटल ताज में घुसे 3 आतंकवादी! धमाकों से दहला इलाका और डेढ़ घंटे तक बंधक बनी रहीं 100 जानें, फिर जो हुआ...

उत्पाद विभाग अधिकारी का कहना है कि तस्कर लगातार नए हथकंडे अपना रहे हैं, लेकिन हमारा निगरानी तंत्र और खुफिया विभाग पूरी तरह सक्रिय है। राज्य में अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static