शादी की चल रही थी रस्में, इसी बीच दुल्हन को हुआ कुछ ऐसा...बारात वापिस लेकर घर लौटा दूल्हा

Sunday, Feb 22, 2026-02:26 PM (IST)

Bihar News: बिहार के भोजपुर जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब जयमाला से ठीक पहले दुल्हन अचानक बेहोश हो गई। इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे सामान्य बताया, लेकिन दूल्हा पक्ष ने शादी से इनकार कर बारात वापस लौटा ली।

स्टेज पर जाने से ठीक पहले भावुक हुई दुल्हन
जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय युवती की शादी गजराजगंज ओपी क्षेत्र के एक युवक से 20 फरवरी को तय थी। शादी समारोह एक रिसॉर्ट में चल रहा था। सभी रस्में तय कार्यक्रम के अनुसार हो रही थीं और बारात भी पहुंच चुकी थी। बताया जा रहा है कि जयमाला के लिए स्टेज पर जाने से ठीक पहले दुल्हन भावुक हो गई और अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि कमजोरी के कारण उसे चक्कर आया था। फिलहाल दुल्हन की हालत स्थिर बताई जा रही है।

लड़की पक्ष में मायूसी का माहौल
इधर, दुल्हन के बेहोश होने के बाद दूल्हा पक्ष ने इंतजार करने के बजाय शादी से इनकार कर दिया और बारात लेकर लौट गया। इस घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। दुल्हन के पिता का आरोप है कि बिना कोई स्पष्ट कारण बताए दूल्हा और उसके परिजन वापस चले गए। उन्होंने बताया कि शादी की तैयारियों में लाखों रुपये खर्च हुए थे। दहेज में दी गई बाइक भी वापस भेज दी गई है। घटना के बाद लड़की पक्ष में मायूसी का माहौल है। परिवार न्याय की मांग कर रहा है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static