चुनावी घमासान के बीच पुलिस का एक्शन, नामांकन के तुरंत बाद इस प्रत्याशी को किया गिरफ्तार

Monday, Jul 13, 2026-05:49 PM (IST)

Veena Manvi Arrested: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार वीणा मानवी को उनके नामंकन के ठीक बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पटना के गांधी मैदान थाना ने बताया कि मानवी को 2009 के एक पुराने मामले में धारा 418 एवं 403 के तहत गिरफ्तार किया गया है। 

पुलिस के अनुसार 2009 में उनके खिलाफ कोर्ट में शिकायत संख्या 830 दर्ज की गई थी, जिसमें उनके खिलाफ वारंट जारी हुआ था। जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी मानवी विधानसभा उपचुनाव की आखिरी तारीख को आज अपना नामांकन करने समाहरणालय पहुंची, जहां पुलिस ने नामांकन के ठीक बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मानवी को इस गिरफ्तारी के बाद चिकित्सा जांच के लिए पुलिस पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (PMCH) ले गई। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि उनकी जानकारी में उनके खिलाफ कभी किसी मामले में उन्हें वारंट जारी या तामील नही हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस ने उनका कसूर नही बताया है। उन्होंने कहा कि इस गिरफ्तारी के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का महिला और लोकतंत्र विरोधी चेहरा सामने आ गया है। 

उल्लेखनीय है कि बांकीपुर सीट भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई है। इस सीट पर भाजपा ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के नामांकन से बांकीपुर का चुनाव दिलचस्प हो चला है। इस संग्राम में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपनी पुरानी उम्मीदवार रेखा गुप्ता पर विश्वास जताया है, वहीं तेजप्रताप की पार्टी वीणा मानवी के मैदान में उतरने से चुनावी सरगर्मियां काफी बढ़ गई थीं। एक दिन पहले ही मानवी ने कहा था कि इस चुनाव में तेजप्रताप यादव साइकिल पर सवार हो कर चुनाव प्रचार करेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static