केंद्रीय बजट 2026-27: रांची और तेजपुर में बनेगा NIMHANS-2, देश के बजट में झारखंड के लिए बड़ी घोषणा...पढ़ें पूरी खबर
Sunday, Feb 01, 2026-04:09 PM (IST)
Jharkhand News: केंद्रीय बजट 2026-27 में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश में निमहांस-2 (NIMHANS-2) की स्थापना की घोषणा की है। इसके लिए झारखंड की राजधानी रांची और असम के तेजपुर को चुना गया है। इस कदम से पूर्वी और उत्तर-पूर्व भारत में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं और शोध को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
सरकार का कहना है कि मानसिक रोगों के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इसलिए, बड़े और विशेषज्ञ संस्थानों की जरूरत है। रांची पहले से ही मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र में मजबूत है, इसलिए यहां NIMHANS-2 खोलने से यह क्षेत्र राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगा। तेजपुर में इसकी स्थापना से पूर्वोत्तर राज्यों को भी अत्याधुनिक मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। रांची में पहले से ही दो बड़े संस्थान हैं – सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (CIP) और रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकेट्री एंड एलाइड साइंसेज (RINPAS)। CIP की स्थापना 1918 में हुई थी और यह एशिया के सबसे बड़े मनोरोग अस्पतालों में से एक है। यहां 643 बेड हैं और यह ओपन हॉस्पिटल मॉडल पर काम करता है। RINPAS का इतिहास ब्रिटिश काल से जुड़ा है और यह मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास, शिक्षण और सामुदायिक सेवा में अहम भूमिका निभाता है।
रांची का CIP खास तौर पर गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों के लिए मददगार साबित हुआ है। यहां दो महीने का इलाज, दवा, भोजन और कपड़े समेत खर्च सिर्फ 600 रुपये है। डॉक्टर की फीस केवल 10 रुपये है। यहां मरीजों को खुला और मानवीय वातावरण मिलता है। 24 घंटे इमरजेंसी सेवा, ओपीडी और हेल्पलाइन भी उपलब्ध हैं। इलाज के साथ-साथ साइकोथेरेपी, योग और खेलकूद जैसी गतिविधियों से मरीजों के समग्र स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाता है।
असम के तेजपुर में NIMHANS-2 खोलने की घोषणा भी की गई है। इससे न केवल मानसिक रोगों के इलाज में सुधार होगा, बल्कि मनोचिकित्सक शिक्षा और विशेषज्ञ डॉक्टरों के प्रशिक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। चुनावी नजरिए से देखें तो यह कदम असम विधानसभा चुनाव के लिए भी अहम माना जा रहा है। अब पूर्वी भारत और उत्तर-पूर्वी राज्यों के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। रांची और तेजपुर में NIMHANS-2 बनने से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का एक मजबूत नेटवर्क तैयार होगा, जो लाखों मरीजों के लिए राहत और उम्मीद का केंद्र बनेगा।

