आज बेटे सहित BJP में शामिल होंगे चंपई सोरेन, शिवराज और हिमंता दिलाएंगे पार्टी की सदस्यता

Friday, Aug 30, 2024-11:55 AM (IST)

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन आज यानी शुक्रवार को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। चंपई सोरेन के साथ उनके बेटे बाबूलाल सोरेन भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा चंपई सोरेन को बीजेपी की सदस्यता दिलाएंगे। वहीं, कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, संगठन मंत्री कर्मवीर, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी सहित सांसद, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

चंपई के BJP में आने की सूचना से भाजपाइयों में खुशी की लहर
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक झारखंड के सरायकेला में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा भी चंपई सोरेन के साथ भाजपा में शामिल हो जाएंगे। सोनाराम बोदरा झामुमो के तेज तर्रार नेताओं में से एक हैं। सोनाराम बोदरा ने बताया कि वर्ष 2000 से वे राजनीति से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि चंपई ने उन्हें राजनीति सिखाई है। उनका कहना है कि जब चंपई झामुमो को छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं, तो वो भी अपने गुरु के साथ ही जाएंगे। उनके साथ क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी निभाएंगे। वहीं, चंपई के भाजपा में आने की सूचना से भाजपाइयों में खुशी की लहर है क्योंकि चंपई सोरेन लगातार सरायकेला विधानसभा से झामुमो के टिकट पर जीत हासिल कर रहे हैं। चंपई यहां से 6 बार अपनी जीत दर्ज करा चुके हैं। अब वे भाजपा में आने वाले हैं तो ऐसे में सरायकेला विधानसभा सीट अब भाजपा की झोली में जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

28 अगस्त को चंपई सोरेन ने मंत्री पद से दे दिया था इस्तीफा 
बता दें कि चंपई सोरेन ने 28 अगस्त को दिल्ली से लौटकर झामुमो के प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के कद्दावर नेता और घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन ने आज यानी शुक्रवार को झारखंड के मंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल संतोष गंगवार ने उनको पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। झारखंड मंत्रिमंडल में चंपई सोरेन की जगह रामदास सोरेन को मंत्री बनाया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static