Shibu Soren Death: कल अंतिम दर्शन के लिए विधानसभा में रखा जाएगा गुरुजी का पार्थिव शरीर, नेमरा गांव में होगा अंतिम संस्कार

Monday, Aug 04, 2025-06:37 PM (IST)

Shibu Soren dies: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के अध्यक्ष शिबू सोरेन का आज यानी सोमवार को निधन हो गया है। उनके निधन से पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। शिबू सोरेन के निधन से झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश भर में शोक की लहर है। अलग-अलग पार्टियों के नेता उनके निधन पर दुख जता रहे हैं। वहीं, कल नेमरा गांव में शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार होगा। 

LIVE UPDATES:-

  • राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि का शिड्युल तय कर दिया है। मंत्रिमंडल समन्वय एवं निगरानी विभाग द्वारा गुरुजी के अंतिम संस्कार को लेकर रांची एवं रामगढ़ जिला प्रशासन को आदेश जारी कर दिया गया है। दोनों जिलों के डीसी और एसपी को इसके लिए आवश्यक तैयारी पूरी कर लेने का निर्देश दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि आज शाम दिल्ली से गुरुजी का पार्थिव शरीर पहुंचने के बाद सीधे उन्हें मोरहाबादी स्थित आवास ले जाया जाएगा। फिर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए गुरुजी के पार्थिव शरीर को पांच अगस्त की सुबह 10 बजे विधानसभा परिसर ले जाया जाएगा। यहां जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। विधानसभा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के समापन के बाद लगभग 12 बजे गुरुजी के पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव नेमरा (गोला प्रखंड, जिला रामगढ़) ले जाया जाएगा। वहां उनकी अंतिम अंत्येष्टि की जाएगी।
     
  • रांची एयरपोर्ट पर झामुमो कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ रही है। सभी शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर के आने का इंतजार कर रहे हैं। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी वह विभिन्न संगठन के लोग पहुंचे हैं। 
     
  • झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर कुछ ही देर में रांची लाया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए शव को आम जनता के सामने रखा जाएगा।
     
  • असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन वंचितों, आदिवासियों और श्रमिकों की भलाई के लिए समर्पित था। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन गुर्दे संबंधी समस्याओं के कारण एक महीने से ज्यादा समय से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में इलाज करा रहे थे। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और माननीय राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन जी के निधन की खबर बेहद दुखद है।’’

 

  • झारखंड की राजनीति के सबसे बड़े चेहरों में से एक और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद राज्यभर में शोक की लहर है। राजधानी रांची स्थित झामुमो के केंद्रीय कार्यालय में सुबह पार्टी का झंडा झुकाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
  • झारखंड आंदोलन के पुरोधा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। 

PunjabKesari

  • हजारीबाग के रहने वाले शिबू सोरेन के मित्र शिवकुमार शिबू की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है। वह भावुक होकर बार-बार यही कह रहे हैं कि गुरुजी अब उन्हें भी अपने साथ बुला लें, ताकि दोनों मित्र मरणोपरांत भी एक साथ रह सकें। यह एक अटूट दोस्ती के वे शब्द हैं, जिन्हें सुनकर हर कोई भावुक हो जाएगा।

    PunjabKesari
     
  • दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची हैं। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद वह गुरुजी के अंतिम दर्शन करने पहुंचीं। वहां पहुंचकर उन्होंने गुरुजी को श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सांत्वना दी।

PunjabKesari

  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे गुरुजी के अंतिम दर्शन करने गंगा राम अस्पताल पहुंचे हैं। दोनों ने अस्पताल पहुंचकर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की।

PunjabKesari

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, "इस महान पुरुष की क्षति पर शोक व्यक्त करने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं।" अपने पिता की विरासत को याद करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा, "निश्चित रूप से हम उन्हें हमेशा याद रखेंगे।"

 

  • शिबू सोरेन के निधन से गिरिडीह जिले का कुरकु गांव में मातम पसर गया है। गांव के चूल्हे नहीं जले हैं।

    PunjabKesari
     
  • सीता सोरेन ने कहा, "बाबा सिर्फ हमारे घर के मुखिया नहीं थे… वे हमारे जीवन के प्रकाश थे। हमारे अपने, हमारे मार्गदर्शक, और हमारे सबसे बड़े सहारे। आज जब वो हमारे बीच नहीं हैं, तो ऐसा लग रहा है जैसे एक पूरा युग समाप्त हो गया हो। उनके बिना ये घर वैसा नहीं रहेगा… उनकी हँसी, उनका स्नेह, उनकी डांट तक, सब कुछ अब यादों में रह गया है।"
     
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल जाकर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
     
  •  कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल जाकर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
     
  • झारखंड सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि सब वीरान सा हो गया है... अंतिम जोहार आदरणीय बाबा... आपका संघर्ष, आपका स्नेह, आपका दृढ़ विश्वास - आपकी यह बेटी कभी नहीं भूलेगी।
     
  • गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिबू सोरेन जी के निधन की सूचना अत्यंत दु:खद है। झारखंड में जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तीकरण के लिए उन्होंने दशकों तक संघर्ष किया। अपने सहज व्यक्तित्व और सरल स्वभाव से वे जन-जन से जुड़े। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल सोरेन परिवार और उनके प्रशंसकों व समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
     
  • बीजेपी नेता अर्जुन मुंडा ने जेएमएम के संरक्षक और झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन के निधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि शिबू सोरेन का निधन एक अपूरणीय क्षति है।
     
  • रांची में झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हमारे लिए तो हिमालय का स्खलन हो गया। पर्वत से भी बड़े व्यक्तित्व के व्यक्ति अब हमारे बीच नहीं रहे। लेकिन हम पराजित नहीं होंगे, क्योंकि उनकी शिक्षा में पराजय नहीं थी।
     
  • आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दुख जताते हुए कहा कि शिबू सोरेन जी का झारखंड और आदिवासी समुदाय के लिए योगदान अतुल्य है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ।
     
  •  कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन जी का निधन अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ।
     
  •  एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने शोक संवदेना जताते हुए कहा कि शिबू सोरेन जी का निधन दुखद है। उनका समर्पण हमेशा प्रेरणा देगा।
     
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक संवेदना जताते हुए कहा है कि शिबू सोरेन ने आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका जाना भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है।
     
  • आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने भी शोक जताते हुए कहा है कि शिबू सोरेन का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
     
  • झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने कहा कि शिबू सोरेन मेरे लिए पिता तुल्य थे। उनका जाना व्यक्तिगत क्षति है। उनके मार्गदर्शन में मुझे उपमुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य मिला।
     
  • कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी शिूब सोरेन के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, शिबू सोरेन जी के निधन से मैं दुःखी हूं। उन्होंने अलग झारखंड प्रदेश और वहाँ के लोगों के जल, जंगल, जमीन के अधिकार और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए आजीवन संघर्ष किया। मैंने उनके सुपुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। दुःख की इस घड़ी में ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करे।
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सीएम हेमंत पीएम मोदी के गले लग कर खूब रोए। पीएम मोदी ने हेमंत सोरेन को सांत्वना दी। 

    PunjabKesari
     
  • सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विधायक ‘शिबू सोरेन अमर रहें' के नारे लगाते देखे गए।
     
  •  शिबू सोरेन के निधन के बाद आज यानी सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई।
     
  • शिबू सोरेन का शव शाम 4 से 5 बजे के बीच रांची एयरपोर्ट पर पहुंचेगा। कल सुबह 11:00 बजे दिवंगत नेता का पार्थिव शरीर झारखंड विधानसभा परिसर में अंतिम दर्शन के लिए लाया जाएगा। वहां राज्य सरकार और विधायकों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद शव को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव ले जाया जाएगा, जो उनका पैतृक स्थान है। कल दोपहर 3:00 बजे नेमरा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
     
  • शिबू सोरेन के सम्मान में 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। सभी कार्यालय 4 और 5 अगस्त को बंद रहेंगे। यह फैसला दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने और उनके सम्मान में लिया गया है।
     
  • समाजवादी पार्टी के राट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, आदिवासी , वंचित समाज की बुलंद आवाज़, 'दिशोम गुरु' शिबू सोरेन जी का निधन, अत्यंत दु:खद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।
     
  • बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने कहा कि झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक एवं आदिवासी समाज के जाने-माने दिग्गज नेता शिबू सोरेन का आज इलाज के दौरान निधन हो जाने की ख़बर अति-दुखद। उनके पुत्र तथा वर्तमान में झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन व उनके परिवार के साथ-साथ उनके समस्त समर्थकों एवं अनुयाइयों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कु़दरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।
     
  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम योगी ने कहा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! जनजातीय समाज के उन्नयन में उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
     
  • पीएम ने 'एक्स' पर अपने शोक संदेश में लिखा, ''श्री शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में अपनी जगह बनाई। वे विशेष रूप से आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए उत्साही थे। उनके निधन से दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और उनको चाहने वालों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।''
     
  • लालू यादव ने कहा, "आज शिबू सोरेन का निधन हो गया। वह दलितों और आदिवासियों के एक महान नेता थे। यह गहरे दुख की बात है और हम उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।"
     
  • सीएम नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्व. शिबू सोरेन एक प्रख्यात राजनेता थे। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे थे। झारखंड की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा है। उनके निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
     
  • सीएम हेमंत ने कहा, "दिशोम गुरू शिबू सोरेन ने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में 81 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं।"
     
  • झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और राज्य भाजपा प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा, "यह एक अपूरणीय क्षति है। "

     
  • रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा, "दिशोम गुरु, शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रणेता थे और बाद में अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग राज्य दिया, लेकिन एक अभिभावक के रूप में, सभी राजनीतिक विचारधाराओं से हटकर, वे हमेशा सभी के साथ प्रेम और आदर से पेश आते थे। शिबू सोरेन का जाना पूरे देश के लिए बहुत दुखदायी है।"
     
  • भाजपा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा, "आज हम सब स्तब्ध हैं और हम सभी लोगों के हृदय में पीड़ा हैं। शिबू सोरेन आज हमारे बीच नहीं हैं, वे झारखंड की आवाज थे। झारखंड की अस्मिता और झारखंड के अलग राज्य के आंदोलन के प्रणेता के रूप में वे जाने जाएंगे... ईश्वर उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें तथा ऐसे संकट के समय में उनके परिवार को पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें।"
     
  •  स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, "न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए यह बहुत बड़ी क्षति है, जिसे हम कभी पूरा नहीं कर पाएंगे। झारखंड को आज एक पहचान मिली है तो वह गुरु जी की ही देन थी... राज्य को उनके कारण एक पहचान मिली थी, लेकिन आज हम अपने आप को असहाय महसूस कर रहे हैं... हम लोग अभी सदमे में हैं।"
     
  • झारखंड सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार ने शिबू सोरेन के निधन पर कहा, "झारखंड का कण-कण निशब्द हैं। शिबू सोरेन व्यक्ति नहीं बल्कि संस्थान थे और उनके निधन ने झारखंड की राजनीति के लिए बहुत अपूरणीय क्षति पैदा की।"
     
  • झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और JMM के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन के निधन पर झारखंड की मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा, "मुझे लगता है कि पूरे राज्य में शोक व्याप्त हो गया है। 'दिशोम गुरु' शिबू सोरेन सिर्फ़ एक नाम नहीं बल्कि एक आंदोलन हैं। उनकी विरासत हमारे विचारों और हमारे काम के ज़रिए हमेशा ज़िंदा रहेगी। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उनके परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें... आप उनके नाम के बिना झारखंड की कल्पना भी नहीं कर सकते, लेकिन हम समझ सकते हैं कि एक पिता को खोने का क्या मतलब होता है।"



    गौरतलब है कि बीते काफी दिनों तक शिबू सोरेन सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती रहे। उनकी हालत काफी गंभीर थी और वह वेंटिलेटर पर थे। 81 वर्षीय शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। वे एक साल से डायलिसिस पर थे और पहले भी उनकी बायपास सर्जरी हो चुकी थी। वहीं, पिता के निधन से सीएम हेमंत भी टूट चुके हैं। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा,''आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सबको छोड़कर चले गए...मैं आज 'शून्य' हो गया हूं।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static