बिहार के जमुई में दो गुटों में हिंसक झड़प, पत्थरबाजी के बाद इंटरनेट सेवा ठप
Monday, Feb 17, 2025-10:11 AM (IST)

जमुई: बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के बलियाडीह गांव में रविवार (16 फरवरी) की रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर चलाए गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। जमुई नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद एवं जमुई जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नीतीश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद महिला संयोजिका खुशबू पांडेय को भी चोट लगी। बताया जा रहा है कि बलियाडीह गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उप मुख्य पार्षद नीतीश कुमार की कार को निशाना बनाया और पत्थरबाजी कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा, नीतीश कुमार पर भी हमला हुआ, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया।
गांव में भारी तनाव, कई लोग घर छोड़कर फरार
घटना की सूचना मिलते ही जमुई पुलिस कप्तान मदन कुमार आनंद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे बलियाडीह गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। वहीं, कई घरों में ताले लटके मिले, जिससे पता चला कि तनाव बढ़ने के बाद लोग गांव छोड़कर चले गए। झड़प के बाद जमुई जिला प्रशासन ने पूरे जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। बताया जा रहा है कि हनुमान चालीसा पाठ कर लौट रहे लोगों और उनके वाहनों पर अचानक पथराव कर दिया गया। इसके बाद दो समुदायों के बीच तनाव और बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने से बचाने के लिए प्रशासन ने इंटरनेट सेवा अगले आदेश तक बंद कर दी है।
अब तक 8 लोग गिरफ्तार, इलाके में भारी सुरक्षा
जमुई के डीएम अभिलाषा शर्मा और एसपी मदन कुमार आनंद ने देर रात तक हालात का जायजा लिया। अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अफवाहों को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार गांव में कैंप कर रहे हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।