हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी तेज, 4 हजार से अधिक जवानों की होगी तैनाती, कई दिग्गज होंगे शामिल
Wednesday, Nov 27, 2024-03:45 PM (IST)

रांची: कल यानी गुरुवार को झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन का शपथ ग्रहण समारोह है। इस दौरान हेमंत सोरेन राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। 28 नवंबर की शाम 4:00 बजे रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा। हेमंत सोरेन को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। वहीं, हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा के साथ-साथ शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। वीवीआईपी और वीआईपी अतिथियों के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयार किया जा रहा बड़ा मंच
आशंका है कि शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न जिलों से करीब 35 हजार से अधिक लोग मोरहाबादी मैदान पहुंचेंगे। हालांकि हेमंत सोरेन के समर्थक रांची अभी से ही पहुंचने लगे हैं। उनके ठहरने के लिए शहर के कई होटलों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। रांची के डीआईजी ग्राउंड, रांची कालेज ग्राउंड, मोरहाबादी मैदान के साथ अन्य मैदानों में पार्किंग की व्यस्था की जा रही है। पार्किंग स्थल पर पुलिस के जवानों की भी तैनाती की जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह के लिए मोरहाबादी मैदान में बड़ा मंच बनाया जा रहा है, जिसमें 50- 60 लोग बड़े आराम से बैठ सकते हैं। मैदान को पांच लेयर में बांटा गया है जिसमें बैठने की व्यवस्था होगी। मंच के सामने की जगह को पूरी तरह से खुला रखा जा रहा है ताकि जिन्हें बैठने की जगह न मिले वे सामने से खड़ा होकर शपथ ग्रहण देख सकेंगे। रांची एयरपोर्ट, होटल, सर्किट हाउस, मोरहाबादी मैदान और रुट में तैनाती के लिए 4 हजार से अधिक जवानों की तैनाती होगी। ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए स्पेशल जवानों को जिम्मेवारी दी जाएगी। वीआईपी अतिथियों के लिए स्काट वाहन तैयार हो चुके हैं, जिसकी जिम्मेवारी डीएसपी रैंक के अधिकारियों के जिम्मे होगी। कई जगहों पर वाहन जांच अभियान भी चलाए जाएंगे। वहीं, इस समारोह में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत इंडिया ब्लॉक के वरिष्ठ नेता और पीएम नरेंद्र मोदी शामिल हो सकते हैं।
झारखंड सरकार ने गणमान्य लोगों को राजकीय अतिथि घोषित किया
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन और आप पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शपथ ग्रहण समारोह में आने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। राज्य सरकार ने इन सभी गणमान्य लोगों को राजकीय अतिथि घोषित किया है। मंत्रिमंडल समन्वय विभाग ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है। सभी अतिथि 28 नवंबर को रांची आयेंगे और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर उसी दिन लौट जायेंगे। ज्ञात हो कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीते मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा एएपी नेता अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी से भी मुलाकात की। उन्हें शपथ ग्रहण समारोह के लिए न्योता भी दिया।