पारस के इस्तीफे पर सियासत: BJP बोली- PM मोदी ने दिया था सम्मान तो RLJP ने कहा- हम कोई समझौता नहीं करने वाले

3/19/2024 2:25:32 PM

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे देश की सियासत और दिलचस्प होते जा रही है। बिहार में सीट बंटवारे को लेकर नाराज चल रहे केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही पारस ने एनडीए से अपना नाता तोड़ दिया है। पशुपति पारस के इस्तीफे के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। 

PM मोदी ने पारस को दिया सम्मानः भाजपा 
पारस के इस्तीफे पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका सम्मान किया है। पशुपति पारस जी को सम्मान दिया गया उनको लंबे समय तक केंद्रीय मंत्री बनाया गया। उन्हीं के भतीजे चिराग पासवान को छोड़ कर उन्हें मौका दिया गया। अब उनको आशीर्वाद देना चाहिए। वहीं जेडीयू मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि बीजेपी ने पशुपति पारस को सम्मान दिया लेकिन बिहार में एनडीए के सीट बंटवारे में उनको जगह नहीं दिया गया। जिसके कारण वो बोल रहे हैं कि उनके साथ बीजेपी ने नाइंसाफी की है। लेकिन बीजेपी ने उनको जो कैबिनेट में जगह देकर जो सम्मान दिया उसके मान को पशुपति पारस को रखना है। पशुपति पारस के महागठबंधन में जाने पर कहा कि ये उनका अपना फैसला है। इसपर हम लोग नहीं बोल सकते हैं। लेकिन उन्होंने साफ कहा कि 2019 में हुए चुनाव में हाजीपुर सीट से एनडीए की जीत हुई थी और इसबार भी हाजीपुर से एनडीए की जीत होगी। 

हम लोग एनडीए के साथ नहीं: RLJP
इधर, पशुपति पारस खेमे की राष्ट्रीय प्रवक्ता देवजानी मित्रा ने कहा कि आज हमारे मंत्री जी ने इस्तीफा दे दिया है। हम लोग एनडीए के साथ नहीं है। कोई भी समझौता कहीं से भी हम नहीं करने वाले। हम चुनाव लड़ेंगे और साबित भी करेंगे हमारे साथ कितना जनाधार है। पासवान वोट किसी की बपौती संपत्ति नहीं है। सब चाहते हैं कि हमारे मंत्री जी चुनाव लड़ें। आगे क्या रणनीति तय होगी.. आज और कल में आपको पता चल जाएगा। योद्धा रणभूमि में उतरने के लिए तैयार है। 

बता दें कि सोमवार को बिहार एनडीए में सीटों के बंटवारे का ऐलान हो चुका है। इसके तहत, बीजेपी एक बार फिर बड़े भाई की भूमिका में आ गई है। बीजेपी बिहार में 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, जेडीयू के खाते में 16 सीटें आई हैं।  इसके अलावा चिराग पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 5, जीतनराम मांझी की पार्टी हम को 1 तथा उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक जनता दल को एक सीट मिली है। लेकिन इसमें पशुपति पारस की RLJP को एक भी सीट नहीं दी गई, जिसके बाद अब उन्होंने अपना नाता तोड़ लिया है और सेंट्रल मिनिस्टर पद से इस्तीफा दे दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static