मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजधानी पटना में किया चार मॉडल ट्रैफिक पोस्ट का उद्घाटन

Saturday, Mar 08, 2025-11:10 PM (IST)

पटना:अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'महिला दिवस एक नई मिसाल - पटना ट्रैफिक की जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ' कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने संजय गांधी जैविक उद्यान के गेट नंबर-2 के पास मॉडल ट्रैफिक पोस्ट का लोकार्पण किया और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

पटना में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 54 ट्रैफिक चौकियां पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित होंगी। इन चौकियों में विश्राम गृह, शौचालय, पेयजल और प्राथमिक उपचार किट जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

महिला ट्रैफिक पुलिस की बढ़ती भागीदारी

बिहार सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। यह देश का पहला राज्य है जिसने पुलिस बल में 35% आरक्षण लागू किया है। वर्तमान में बिहार पुलिस में लगभग 30,000 महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं।

पटना ट्रैफिक पुलिस भी महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाईयों पर ले जा रही है—

  • 450 से अधिक महिला पुलिसकर्मी ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रही हैं।
  • 8 महिला क्विक रिस्पांस टीम (डॉल्फिन्स) तैयार की गई हैं, जिनमें अधिकारी, कांस्टेबल और ड्राइवर सभी महिलाएं हैं।
  • राज्यस्तरीय परेड में पहली बार महिला ट्रैफिक टुकड़ी ने 26 जनवरी 2025 को भाग लिया।

4 स्थानों पर मॉडल ट्रैफिक पोस्ट शुरू

पहले चरण में पटना के चिड़ियाखाना गेट नंबर-2, सगुना मोड़, नवीन सचिवालय मोड़ और हड़ताली मोड़ पर मॉडल ट्रैफिक पोस्ट कार्यरत हो गए हैं। भविष्य में ये चौकियां महिलाओं के लिए नजदीकी शिकायत और हेल्प सेंटर के रूप में भी काम करेंगी। इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static