राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस का इस्तीफा किया स्वीकार

3/20/2024 11:58:28 AM

 

नई दिल्ली/पटनाः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति भवन ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी। राष्ट्रपति भवन ने कहा कि पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रिजिजू को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

पशुपति पारस ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर बातचीत में अपनी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) को शामिल नहीं करके उसके साथ नाइंसाफी करने का आरोप लगाया था। वहीं इससे पहले सोमवार को भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने पारस के प्रतिद्वंद्वी, उनके भतीजे चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) को 5 सीट देने की घोषणा की थी।

राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, ‘‘राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर पशुपति कुमार पारस का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।'' इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर किरेन रिजिजू को उनके मौजूदा विभाग के अतिरिक्त खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय का कामकाज भी देखने का निर्देश दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static