पांच बैंक खाते, 31 लाख के गहने और चार पहिया वाहन....जानिए कितनी संपत्ति के मालिक हैं भोजपुरी एक्टर पवन सिंह

5/10/2024 5:05:02 PM

पटना: बिहार के काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे भोजपुरी गायक एवं कलाकार पवन सिंह के पास 16.75 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। यह जानकारी निर्वाचन आयोग के समक्ष उनके द्वारा दाखिल किए गए एक हलफनामे से मिली है। पवन सिंह ने इससे पहले पश्चिम बंगाल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। 

पवन सिंह ने गुरुवार को अपने गृह राज्य बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हालांकि पवन सिंह के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के एक उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने पर भाजपा ने कोई टिप्पणी नहीं की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा काराकाट सीट पर बतौर राजग उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। हलफनामे के अनुसार सिंह के पास 5.04 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 11.70 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। सिंह की चल संपत्ति में पांच बैंक खातों में जमा राशि, चार पहिया वाहन, मोटरसाइकिल, 31.09 लाख रुपये के गहने और 60000 रुपये नकद शामिल है। 2022-23 में उनकी आय 51.58 लाख रुपये थी। 

काराकाट लोकसभा सीट पर एक जून को होगा मतदान 
हलफनामे के मुताबिक, अचल संपत्ति में 4.16 करोड़ रुपये की आरा और पटना में गैर कृषि भूमि एवं आरा में दो वाणिज्यिक संपत्ति तथा मुंबई एवं लखनऊ में 6.45 करोड़ रुपये की पांच आवासीय संपत्ति शामिल हैं। पवन सिंह के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने से काराकाट सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय नजर आ रहा है।  भाकपा (माले) लिबरेशन के राजाराम सिंह ‘महागठबंधन' प्रत्याशी के रूप में पहले ही अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। काराकाट लोकसभा सीट के लिए मतदान आम चुनाव के आखिरी चरण में एक जून को होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static